भीषण गर्मी में DM के आदेश की अनदेखी, सनशाइन स्कूल में चला समर कैंप
विक्की मध्यानी
चौबेपुर, वाराणसी। बढ़ती गर्मी और लू के प्रकोप से बच्चों को बचाने के लिए जिलाधिकारी सतेंद्र कुमार ने जनपद के सभी विद्यालयों को बंद रखने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद चौबेपुर स्थित सनशाइन पब्लिक स्कूल में आज "मस्ती की पाठशाला" समर कैंप का आयोजन किया गया।
तीन दिवसीय कैंप का समापन सोमवार को प्रमाण पत्र वितरण के साथ किया गया। प्रशासनिक निर्देशों और 45 डिग्री पार कर रहे तापमान के बीच स्कूल प्रबंधन ने कैंप जारी रखा। समापन दिवस पर बच्चों ने पूल पार्टी, रेन डांस और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में हिस्सा लिया। नृत्य-संगीत के कार्यक्रमों से परिसर में जश्न का माहौल रहा।
कैंप के दौरान बच्चों को कराटे, किक बॉक्सिंग, ज़ुम्बा, डांस, तबला, हारमोनियम, गिटार और बिना आग के खाना बनाने जैसी गतिविधियां सिखाई गईं। प्रबंधन का दावा है कि कैंप का मकसद बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाना और उनकी रचनात्मकता को मंच देना था।
कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। स्कूल प्रबंधन ने प्रशिक्षकों और अभिभावकों का आभार जताया और भविष्य में भी ऐसे आयोजन कराने की बात कही।
गौरतलब है कि जिलाधिकारी ने हीटवेव के खतरे को देखते हुए आज से जनपद के सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया था, ताकि बच्चों को लू से बचाया जा सके। इसके बाद भी स्कूल में समर कैंप का संचालन चर्चा का विषय बना हुआ है।



