उदय प्रताप कॉलेज गेट के पास से 17 वर्षीय छात्रा को बहलाकर ले जाने का आरोप, युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज

वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा के लापता होने का मामला सामने आया है।


आरोप है कि कॉलेज से छुट्टी के बाद एक युवक उसे बहला-फुसलाकर ऑटो में बैठाकर ले गया। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।  

पीड़िता शिवपुर क्षेत्र की निवासी है और रानी मुरार कॉलेज में पढ़ती है। उसकी उम्र 17 वर्ष के लगभग है। परिजनों के अनुसार 16 जुलाई 2026 को वह रोज की तरह कॉलेज गई थी। छुट्टी के बाद वह घर नहीं लौटी।  

शिकायत में कहा गया है कि क्षेत्र के ही रहने वाले अनिकेत सोनकर ने कॉलेज गेट के पास छात्रा को बातों में फंसाया और फिर ऑटो में बैठाकर वहां से निकल गया। काफी देर तक घर न पहुंचने पर परिजनों ने रिश्तेदारों और जान-पहचान वालों से संपर्क किया, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिला।  

इसके बाद पीड़िता की मां ने शिवपुर थाने पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी दी। तहरीर के आधार पर थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने आरोपी अनिकेत सोनकर के खिलाफ अपहरण की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।  

पुलिस ने छात्रा की बरामदगी के लिए टीमें गठित कर दी हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही छात्रा को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने