देवरिया मे डीएम की सख्त कार्यवाही

 बेसिक शिक्षा में लापरवाही पर 6 BEO का वेतन रोका, BDO करेंगे 20-20 स्कूलों का औचक निरीक्षण



देवरिया: कलेक्ट्रेट सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग, जिला टास्क फोर्स और आईजीआरएस संदर्भों की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी का सख्त रुख देखने को मिला। कार्यों में लापरवाही और शिथिलता बरतने पर डीएम ने अर्बन, गौरी बाजार, रामपुर कारखाना, बनकटा, पथरदेवा और बरहज के खंड शिक्षा अधिकारियों (BEO) का एक दिन का वेतन रोकने का आदेश दिया है। इसके साथ ही बिना मान्यता चल रहे विद्यालयों को तत्काल बंद कराने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।





निरीक्षण और डिजिटल उपस्थिति पर कड़ा पहरा

  • BDO करेंगे औचक निरीक्षण: सभी खंड विकास अधिकारियों (BDO) को 20-20 विद्यालयों का औचक निरीक्षण करने की जिम्मेदारी दी गई है, ताकि शैक्षणिक और आधारभूत व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत सामने आ सके।

  • ऑनलाइन टैबलेट हाजिरी अनिवार्य: सभी शिक्षकों की उपस्थिति डिजिटल माध्यम (टैबलेट) से दर्ज कराने और इसकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

  • निपुण भारत मिशन पर जोर: कक्षा 1 से 3 तक के बच्चों में मूलभूत साक्षरता व संख्यात्मक ज्ञान बढ़ाने के लिए नियमित आकलन और प्रभावी शिक्षण गतिविधियां चलाने पर बल दिया गया।

ऑपरेशन कायाकल्प और जनहित योजनाएं
जिलाधिकारी ने ऑपरेशन कायाकल्प के तहत 19 तय पैरामीटरों पर सभी विद्यालयों को संतृप्त करने तथा प्रोजेक्ट अलंकार के निर्माण कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा पीएम पोषण, डीबीटी, निःशुल्क यूनिफॉर्म, पाठ्यपुस्तक वितरण और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के संचालन की समीक्षा कर पात्र बच्चों तक सभी लाभ समय से पहुंचाने को कहा गया।

आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में कोताही बर्दाश्त नहीं
आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए डीएम ने स्पष्ट किया कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों में नहीं, बल्कि गुणवत्ता और शिकायतकर्ता की वास्तविक संतुष्टि के साथ समयसीमा के भीतर होना चाहिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रामजीयावन मौर्य सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने