मासूमों की सुरक्षा के लिए आज़ाद अधिकार सेना की पहल

हुरहुरी-दियोसास मार्ग पर स्पीड ब्रेकर और छुट्टा पशुओं से निजात की मांग



एसडीएम मीरगंज ने मामले का लिया त्वरित संज्ञान, पीडब्ल्यूडी व संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश

मीरगंज (बरेली)। हुरहुरी से दियोसास मार्ग पर स्कूली बच्चों की सुरक्षा और आए दिन होने वाले हादसों पर अंकुश लगाने के लिए आज़ाद अधिकार सेना ने प्रशासनिक स्तर पर आवाज उठाई है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर और वरिष्ठ समाजसेवी लईक अहमद मंसूरी के निर्देश पर जिलाध्यक्ष लादेन मंसूरी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम मीरगंज निधि शुक्ला को ज्ञापन सौंपा।

जिलाध्यक्ष लादेन मंसूरी ने एसडीएम को अवगत कराया कि हुरहुरी से दियोसास स्थित आर.एम.एस. एकेडमी सहित कई अन्य शिक्षण संस्थानों में प्रतिदिन सैकड़ों नौनिहाल पैदल, साइकिल व वाहनों से आवागमन करते हैं। इस मार्ग पर एक भी गति अवरोधक (स्पीड ब्रेकर) न होने से वाहन चालक बेलगाम गति से गाड़ियां दौड़ाते हैं, जिससे हर समय गंभीर सड़क हादसे का खतरा मंडराता रहता है। इसके साथ ही पूरे मार्ग पर आवारा मवेशियों और हिंसक कुत्तों के झुंड बने रहने से बच्चों व राहगीरों पर हमले की आशंका बनी रहती है।

प्रमुख मांगें:

  • सभी विद्यालयों के समीप और प्रमुख मोड़ों पर मानकों के अनुसार तत्काल स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं।

  • स्कूली बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर मार्ग पर वाहनों की अधिकतम गति-सीमा तय की जाए।

  • सड़क पर घूम रहे आवारा पशुओं व कुत्तों को अभियान चलाकर गौशाला अथवा कांजी हाउस भेजा जाए।

प्रशासनिक स्तर पर त्वरित कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम मीरगंज निधि शुक्ला ने तत्काल प्रभाव से संज्ञान लिया। उन्होंने बीडीओ मीरगंज, ईओ मीरगंज और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को पत्र भेजकर नियमानुसार तुरंत कार्य कराने और समस्या के स्थायी समाधान के निर्देश जारी किए हैं।

ज्ञापन सौंपने के दौरान जितेंद्र कुमार गंगवार, सुभाष कुमार, इस्लाम हुसैन सहित कई कार्यकर्ता व स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने