वाराणसी के सिगरा थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा की त्वरित कार्रवाई से चंद घंटों में सलाखों के पीछे पहुंचे हुड़दंगी
वाराणसी (त्रिपुरेश्वर त्रिपाठी )
सोशल मीडिया पर रील बनाकर सनसनी फैलाने और सड़क पर आम जनता के लिए सिरदर्द बनने वाले मनबढ़ों को सिगरा पुलिस ने कड़ा सबक सिखाया है। मलदहिया मार्ग पर सरेराह उत्पात मचाने और मारपीट करने वाले 4 युवकों को सिगरा थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा की टीम ने त्वरित एक्शन लेते हुए धर दबोचा। सोशल मीडिया पर पुलिस की निष्क्रियता को लेकर फैलाए जा रहे भ्रामक दावों की हवा निकालते हुए इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने मामले का तुरंत संज्ञान लिया और वीडियो फुटेज के आधार पर उपद्रवियों की पहचान कर उन्हें सलाखों के पीछे भेज दिया।
रील की होड़ में सरेराह हुआ था बवाल
घटना मलदहिया मुख्य मार्ग की है, जहां चार-पांच नवयुवक वीडियो रील बनाने के चक्कर में आपस में ही भिड़ गए थे। देखते ही देखते बात गाली-गलौज से शुरू होकर बीच सड़क पर मारपीट और हाथापाई तक पहुंच गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही सिगरा थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने इसे गंभीरता से लिया और तत्काल पुलिस टीम को सक्रिय कर दिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण:
- शनि पुत्र सूर्यभान (निवासी: मीरापुर बसही, थाना कैंट)
- हर्ष गुप्ता पुत्र नवनीत गुप्ता (निवासी: गोला, थाना कोतवाली)
- फैज खान पुत्र आसिफ खान (निवासी: लोहटिया, थाना कोतवाली)
- मो. नफीस पुत्र मो. नसीम (निवासी: कचहरी, थाना कैंट)
शांति व्यवस्था से खिलवाड़ पर नहीं मिलेगी ढील
थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 126/135/170 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा की इस तत्परता और सख्त कार्यशैली की स्थानीय नागरिकों व व्यापारियों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शहर की शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अराजक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा। वर्तमान में मौके पर पूर्ण रूप से शांति व्यवस्था कायम है।
