25 साल की पुलिस सेवा, फिर मिले 2001 बैच के साथी, वाराणसी में मनाई सिल्वर जुबली

 वाराणसी। पुलिस सेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर वर्ष 2001 बैच के उत्तर प्रदेश पुलिस के उप निरीक्षकों ने वाराणसी में सिल्वर



जुबली समारोह मनाया। वाराणसी और प्रयागराज जोन में तैनात इस बैच के पुलिसकर्मी समारोह में शामिल हुए और 25 वर्षों की सेवा यात्रा की पुरानी यादों को साझा किया।

इस बैच के कई पुलिसकर्मी वर्तमान में निरीक्षक के पद पर कार्यरत हैं, जबकि कुछ पुलिस उपाधीक्षक के पद पर आउट ऑफ टर्न प्रमोशन पाकर सेवाएं दे रहे हैं। समारोह में कमिश्नरेट वाराणसी के अलावा चंदौली, भदोही, मिर्जापुर, सोनभद्र, गाजीपुर, मऊ, बलिया, आजमगढ़ और जौनपुर के पुलिसकर्मियों ने हिस्सा लिया।


इसके साथ ही वाराणसी में तैनात एसटीएफ, एटीएस, विजिलेंस, आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन, एंटी करप्शन, स्पेशल ब्रांच और अभिसूचना इकाई समेत पुलिस की विभिन्न शाखाओं में कार्यरत 2001 बैच के अधिकारी भी समारोह में शामिल हुए। प्रयागराज जोन और संबंधित जनपदों की विभिन्न शाखाओं में तैनात बैचमेट ने भी प्रतिभाग किया।

दशकों बाद मिले साथी तो छलक उठीं यादें

लंबे समय बाद एक-दूसरे से मिले बैचमेट भावुक नजर आए। साथियों ने एक-दूसरे को गले लगाकर स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों और पुष्पों के साथ सिल्वर जुबली की बधाई और शुभकामनाएं दी गईं। पुलिस ट्रेनिंग सेंटर से लेकर अब तक की सेवा यात्रा से जुड़ी यादों को गीत-संगीत और शायरियों के माध्यम से जीवंत किया गया।

दिवंगत साथियों को दी श्रद्धांजलि

कार्यक्रम की शुरुआत 2001 बैच के दिवंगत साथियों को याद कर कुछ पल का मौन रखकर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इसके बाद उपस्थित पुलिसकर्मियों ने पुलिस सेवा के दौरान मिले अनुभवों और अपनी सेवा यात्रा से जुड़े संस्मरण साझा किए।

केक काटकर मनाया 25 वर्ष का सफर

समारोह में सिल्वर जुबली का केक काटा गया। इस दौरान सभी प्रतिभागियों को अंगवस्त्रम और स्मृति चिह्न भेंट किए गए। लंबे समय बाद एक साथ जुटे पुलिसकर्मियों ने पुराने दिनों को याद करते हुए समारोह को यादगार बनाया।

कार्यक्रम का संचालन सिद्धार्थ मिश्रा, सुनील वर्मा, अमित श्रीवास्तव, राजकुमार सिंह और विनय मोहन पाठक ने बारी-बारी से किया।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने