सिंचाई विभाग के बाबू पर रंगदारी और धमकी का गंभीर आरोप:

दफ्तर में सिर्फ हाजिरी, बाहर जमीन का धंधा और अवैध कारोबार; 



पत्रकार ने पुलिस कमिश्नर से लगाई न्याय की गुहार


वाराणसी।
सिगरा स्थित सिंचाई विभाग में तैनात एक बाबू की कार्यप्रणाली और संदिग्ध गतिविधियों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। विभाग में हाजिरी दर्ज कर जमीन के निजी कारोबार में सक्रिय रहने, नशीले पदार्थों की कथित तस्करी और पत्रकार से एक लाख रुपये की रंगदारी मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित पत्रकार ने अपर पुलिस आयुक्त को लिखित तहरीर सौंपते हुए आरोपियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

सरकारी पद का खुला दुरुपयोग
मामला राजातालाब थाना क्षेत्र के ग्राम देउरा निवासी पत्रकार मयंक कुमार से जुड़ा है। शिकायती पत्र के अनुसार, सिगरा सिंचाई विभाग में कार्यरत बाबू नारायण दुबे (निवासी निदिउरा) अपनी सरकारी नौकरी को महज कागजों तक सीमित रखे हुए है। आरोप है कि वह दफ्तर में केवल उपस्थिति पंजिका पर हस्ताक्षर कर निकल जाता है और दिनभर जमीन के क्रय-विक्रय का निजी सिंडिकेट चलाता है, जो सीधे तौर पर सरकारी सेवा नियमावली की धज्जियां उड़ाना है।

घर के पास नशे का अवैध नेटवर्क और विरोध पर धमकी
पत्रकार मयंक कुमार का आरोप है कि नारायण दुबे अपने सहयोगी गोपाल वर्मा (निवासी ग्राम देउरा) के साथ मिलकर उनके घर के पास कथित तौर पर गांजा व अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री जैसी अवैध गतिविधियां संचालित कर रहा है। जब पत्रकार ने इलाके के माहौल को दूषित होने से बचाने के लिए इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने खुलेआम अभद्र गाली-गलौज की और जान से मारने की सीधी धमकी दे डाली।

'सुलह चाहिए तो दो एक लाख रुपये'
शिकायत के मुताबिक, 11 सितंबर 2026 की सुबह करीब 7:30 बजे आरोपियों ने अपनी दुकान पर बैठकर पत्रकार पर दबाव बनाया। आरोप है कि सुलह के नाम पर पत्रकार से सीधे तौर पर 1,00,000 (एक लाख) रुपये की रंगदारी मांगी गई। साथ ही रकम न देने पर झूठे मुकदमों में फंसाने और जान से खत्म करने का अल्टीमेटम दिया गया।

इस घटना के बाद से पीड़ित पत्रकार और उनका परिवार भारी दहशत में है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पत्रकार ने कमिश्नरेट पुलिस से रंगदारी, अवैध गतिविधियों के संचालन और धमकी की सुसंगत धाराओं में तत्काल प्राथमिकी दर्ज करने की गुहार लगाई है। अब देखना यह है कि पुलिस प्रशासन इस रसूखदार सरकारी कर्मी और उसके नेटवर्क पर क्या एक्शन लेता है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने