मिनी स्टेडियम शिवपुर और संपूर्णानंद विश्वविद्यालय में 100-100 दुकानों के दो क्लस्टर बनेंगे, प्रत्येक क्लस्टर में अधिकतम 50 दुकानें लगाने की अनुमति
अचूक रणनीति
वाराणसी। दीपावली पर्व को सुरक्षित और दुर्घटनामुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन और अग्निशमन विभाग ने पटाखों की अस्थायी दुकानों को लेकर सख्ती शुरू कर दी है। जिले में आतिशबाजी की दुकानें लगाने के लिए 29 खुले स्थान चिह्नित किए गए हैं। निर्धारित स्थानों के अलावा अन्य जगहों पर दुकानें लगाने की अनुमति नहीं होगी। अग्निशमन विभाग ने दुकानदारों और लाइसेंस धारकों के लिए 20 सूत्रीय सुरक्षा दिशा-निर्देश जारी किए हैं। नियमों का उल्लंघन करने पर लाइसेंस निरस्त करने के साथ विधिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
शिवपुर मिनी स्टेडियम में 100 दुकानों की व्यवस्था
अग्निशमन विभाग की सूची के अनुसार, शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक खुले मैदानों और सुरक्षित स्थानों का चयन किया गया है। शिवपुर थाना क्षेत्र के मिनी स्टेडियम में 100 दुकानों के लिए स्थान निर्धारित किया गया है। यहां 50-50 दुकानों के दो अलग-अलग क्लस्टर बनाए जाएंगे। इसी तरह चेतगंज थाना क्षेत्र के संपूर्णानंद विश्वविद्यालय मैदान में भी 100 दुकानों के लिए दो क्लस्टर निर्धारित किए गए हैं।
इसके अलावा छोटी कटिंग मेमोरियल मैदान, काशी विद्यापीठ, क्वींस कॉलेज और बेनियाबाग पार्क में 50-50 दुकानों की व्यवस्था की गई है। कई अन्य स्थानों पर भी 6 से 45 दुकानों तक की संस्तुति की गई है। जिन स्थानों पर दुकानों की संख्या अधिक है, वहां अग्निशमन विभाग की फायर यूनिट तैनात रहेगी।
दुकानों के बीच तीन मीटर की दूरी अनिवार्य
अग्निशमन विभाग के दिशा-निर्देशों के मुताबिक, अस्थायी दुकानों का निर्माण लोहे की टीन और अन्य अज्वलनशील सामग्री से करना होगा। टेंट, कनात, तिरपाल और कपड़े का इस्तेमाल प्रतिबंधित रहेगा। एक दुकान से दूसरी दुकान के बीच कम से कम तीन मीटर की दूरी रखनी होगी। वहीं आवासीय भवनों, स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, बाजार, पूजा स्थल, रेलवे लाइन और हाईटेंशन तारों सहित अन्य संरक्षित स्थानों से कम से कम 50 मीटर की दूरी अनिवार्य होगी।
दुकानों के अंदर बिजली के तार ले जाने, हैलोजन लाइट लगाने और तेल अथवा गैस से जलने वाले लैंप के इस्तेमाल पर रोक रहेगी। पूरे परिसर को नो स्मोकिंग जोन घोषित करना होगा। दुकानों के 50 मीटर के दायरे में पटाखों का परीक्षण या इस्तेमाल भी प्रतिबंधित रहेगा।
हर दुकानदार को रखने होंगे अग्निशमन उपकरण
सुरक्षा के मद्देनजर प्रत्येक दुकानदार को दुकान के बाहर छह किलोग्राम क्षमता वाले दो एबीसी अग्निशामक यंत्र, 200 लीटर पानी का ड्रम, चार फायर बकेट और दो घन फीट अतिरिक्त बालू रखना अनिवार्य होगा। चार बाल्टियों में दो बाल्टी बालू और दो बाल्टी पानी से भरी होनी चाहिए। इसके अलावा प्रत्येक बिक्री स्थल पर सीलिंग हुक रखना भी जरूरी होगा।
पटाखों का भंडारण लाइसेंस में निर्धारित क्षमता के अनुसार ही किया जा सकेगा। बिक्री केवल पंजीकृत लाइसेंस धारक ही कर सकेंगे। नाबालिग बच्चों से पटाखों की बिक्री कराना प्रतिबंधित है। दुकानों के आसपास वाहनों की पार्किंग और आतिशबाजी जलाने की भी अनुमति नहीं होगी।
आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क
अग्निशमन विभाग ने आपात स्थिति के लिए निम्नलिखित नंबर जारी किए हैं।
चेतगंज अग्निशमन केंद्र: 9454418602
भेलूपुर अग्निशमन केंद्र: 9454418604
कोतवाली अग्निशमन केंद्र: 7839864835
पिण्डरा अग्निशमन केंद्र: 7839864836
देहात कंट्रोल रूम: 9415770986
प्रशासन और अग्निशमन विभाग के अधिकारी दीपावली के दौरान चिह्नित स्थलों का औचक निरीक्षण करेंगे। सुरक्षा मानकों की अनदेखी पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी और लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया भी अपनाई जाएगी।
