चार चोरी की स्कूटी बरामद
दुर्गाकुंड चौकी प्रभारी संदीप कुमार सिंह और खोजवां चौकी प्रभारी मनोज चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस के जरिए पकड़ा चोर
वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र की खोजवां चौकी पर सब-इंस्पेक्टर मनोज चौहान की तैनाती के बाद पुलिसिंग का असर जमीन पर दिखाई देने लगा है। अपराधियों पर नजर, रात में गश्त और संदिग्धों की निगरानी के साथ ही पुलिस टीम लगातार सक्रिय है। इसी सक्रियता का नतीजा है कि भेलूपुर पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की चार स्कूटी बरामद की हैं।
दुर्गाकुंड चौकी प्रभारी संदीप कुमार सिंह और खोजवां चौकी प्रभारी मनोज चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस के जरिए वाहन चोरी की घटनाओं की कड़ियां जोड़ते हुए संकुलधारा पोखरा के पीछे घेराबंदी की और विशाल विश्वकर्मा, उम्र 25 वर्ष, निवासी खोजवां को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई में कांस्टेबल राम लखन की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी के खिलाफ पहले से वाहन चोरी समेत चार मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। बरामद चार स्कूटी के संबंध में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
चौकी संभालते ही बदली पुलिसिंग की तस्वीर
खोजवां चौकी की जिम्मेदारी संभालने के बाद मनोज चौहान की लगातार सक्रियता क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। खासकर रात की गश्त और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी से पुलिस की मौजूदगी महसूस होने लगी है।
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि पुलिस की सक्रियता बढ़ने से चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने में मदद मिली है। संकुलधारा पोखरा समेत आसपास के इलाकों में अराजक तत्वों के जमावड़े पर भी पुलिस की निगरानी बढ़ी है।
जाम और अतिक्रमण पर भी नजर
खोजवां बाजार और आसपास के संकरे मार्गों पर जाम की समस्या भी लंबे समय से लोगों के लिए परेशानी का कारण रही है। चौकी पुलिस की नियमित निगरानी और कार्रवाई से यातायात व्यवस्था को लेकर भी सुधार दिखाई दे रहा है।
मनोज चौहान की कार्यशैली में खास बात यह बताई जा रही है कि वह चौकी पर बैठकर शिकायतों का इंतजार करने के बजाय क्षेत्र में निकलकर पुलिसिंग करने पर जोर दे रहे हैं। यही वजह है कि वाहन चोरी के मामले में चार स्कूटी की बरामदगी को पुलिस की सक्रियता से जोड़कर देखा जा रहा है।
भेलूपुर पुलिस की यह कार्रवाई सिर्फ एक वाहन चोर की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संदेश भी देती है कि क्षेत्र में अपराध करने वालों पर पुलिस की नजर है। खोजवां चौकी पर मनोज चौहान की सक्रियता ने फिलहाल अपराधियों के लिए मुश्किलें जरूर बढ़ा दी हैं।
