वाराणसी: शिवपुर में बैंक के बाहर सुरक्षाकर्मी की बंदूक से निकली गोली, ATM के पास खड़े युवक घायल
विक्की मध्यानी
वाराणसी।शिवपुर थाना क्षेत्र के बड़ालपुर स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा के बाहर गुरुवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया जब एटीएम के पास तैनात सुरक्षाकर्मी की बंदूक से अचानक गोली चल गई। फायरिंग की चपेट में आकर एक युवक की बाईं कलाई जख्मी हो गई।
घटना 16 जुलाई दोपहर करीब 1 बजे की है। चोलापुर थाना क्षेत्र के गांव अटेसुवा निवासी अवधेश राजभर पुत्र सोहन राजभर बैंक ऑफ इंडिया की बड़ालालपुर शाखा के एटीएम से रुपये निकालने पहुंचे थे। इसी दौरान शाखा में तैनात सुरक्षाकर्मी रामचंद्र यादव अपनी दोनाली बंदूक को कंधे पर व्यवस्थित कर रहे थे। इसी क्रम में बंदूक से मिसफायर हो गया।
गोली जमीन और एटीएम के पास की दीवार से टकराने के बाद उसके छर्रे बाहर खड़े अवधेश की बाईं कलाई में जा लगे। अचानक हुए धमाके से आसपास अफरा-तफरी मच गई।
घायल अवधेश तुरंत चांदमारी पुलिस चौकी पहुंचे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजकर प्राथमिक उपचार कराया। इलाज के बाद अवधेश ने शिवपुर थाने में लिखित शिकायत देकर सुरक्षाकर्मी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है। यह देखा जा रहा है कि फायरिंग लापरवाही के कारण हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
इस घटना के बाद बैंक और एटीएम पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर लोगों में सवाल उठने लगे हैं।
