सपाध्यक्ष अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला, बोलें- सत्ता जाने के डर से नाइंसाफी और क्रूरता की हदें पार कर रही सरकार


लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर संविधान और कानून के खिलाफ काम करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा राजनीतिक विरोधियों के साथ बदले की भावना से अन्याय और अत्याचार कर रही है। संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। सत्ता जाने के डर से भाजपा ने नाइंसाफी और क्रूरता की हदें पार कर दी हैं।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा नकारात्मक सोच वाली झूठी और बेईमान पार्टी है। वह चोरी और बेईमानी के सहारे सत्ता में बने रहना चाहती है। भाजपा बिना बेईमानी के चुनाव नहीं जीत सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की जमीन खिसक चुकी है और उसके नेता झूठ बोलकर जनता को गुमराह कर रहे हैं। प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर है। हर विभाग और हर काम में लूट मची है, जिससे जनता परेशान है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की शोषणकारी नीतियों से किसान, छात्र, नौजवान, व्यापारी और महिलाएं सभी परेशान हैं। जनता में भाजपा के प्रति भारी आक्रोश है और प्रदेश की जनता उसे सत्ता से हटाने के लिए तैयार है। उत्तर प्रदेश में परिवर्तन की शुरुआत हो चुकी है। विधान परिषद चुनाव में प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र में भाजपा की डबल हार हुई है।

अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता विधानसभा चुनाव का इंतजार कर रही है। जिस दिन चुनाव की घोषणा होगी, उसी दिन भाजपा की हार तय हो जाएगी। जनता भाजपा को उसके किए की सजा देगी और उसका हमेशा के लिए सफाया हो जाएगा।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर सामाजिक न्याय के राज की स्थापना होगी और अन्याय का अंत होगा। सभी को न्याय और सम्मान मिलेगा तथा किसानों के हित में नीतियां बनाई जाएंगी।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने