वाराणसी। मानवता, सेवा और समर्पण की भावना को चरितार्थ करते हुए साधना फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ.
सौरभ मौर्या ने अपना 235वाँ रक्तदान संपन्न किया। इसमें उनका 180वाँ प्लेटलेट डोनेशन शामिल है। इससे पूर्व वे 55 बार होल ब्लड डोनेशन कर चुके हैं। उन्होंने अपना यह रक्तदान अपनी स्वर्गीय बड़ी बहन शिल्पा मौर्या की दसवीं पुण्यतिथि को समर्पित किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक अति जरूरतमंद मरीज के परिजन पिछले पाँच दिनों से प्लेटलेट्स की व्यवस्था के लिए परेशान थे। मरीज को लगातार प्लेटलेट्स की आवश्यकता पड़ रही थी और प्रतिदिन दो से तीन यूनिट प्लेटलेट्स की जरूरत के कारण परिजनों के सामने गंभीर चुनौती बनी हुई थी। जैसे ही डॉ. सौरभ मौर्या को इसकी जानकारी मिली, वे बिना देर किए ब्लड बैंक पहुँचे और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर प्लेटलेट्स का दान किया। उनके इस त्वरित सहयोग से जरूरतमंद मरीज की सहायता संभव हो सकी।
डॉ. सौरभ मौर्या का यह रक्तदान केवल एक चिकित्सकीय आवश्यकता की पूर्ति नहीं, बल्कि मानवता के प्रति उनके निरंतर समर्पण का प्रतीक है। विशेष रूप से अपनी बड़ी बहन स्वर्गीय शिल्पा मौर्या की दसवीं पुण्यतिथि पर किया गया यह सेवा कार्य उनके प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करने का एक भावपूर्ण माध्यम भी बना। उन्होंने अपने इस प्रयास के माध्यम से यह संदेश दिया कि अपनों की स्मृतियों को सबसे सार्थक तरीके से मानव सेवा और जरूरतमंदों की सहायता के माध्यम से जीवित रखा जा सकता है।
डॉ. सौरभ मौर्या का मानना है कि रक्तदान केवल दान नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद को जीवन की उम्मीद देने का माध्यम है। रक्त और प्लेटलेट्स की आवश्यकता किसी भी समय उत्पन्न हो सकती है, इसलिए स्वस्थ एवं पात्र व्यक्तियों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। समय पर मिला रक्त और प्लेटलेट्स किसी मरीज के उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
साधना फाउंडेशन लंबे समय से स्वैच्छिक रक्तदान एवं जनसेवा के क्षेत्र में सक्रिय है। डॉ. सौरभ मौर्या का लगातार रक्तदान करना समाज के युवाओं के लिए प्रेरणादायक संदेश है कि सेवा के लिए बड़े संसाधनों की नहीं, बल्कि संवेदनशील हृदय, तत्परता और समर्पण की आवश्यकता होती है।
235वाँ रक्तदान, एक जीवन की उम्मीद और बड़ी बहन की स्मृतियों को समर्पित एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि।
— डॉ. सौरभ मौर्या
राष्ट्रीय अध्यक्ष, साधना फाउंडेशन
