मूलतःआजमगढ़ के रहने वाले हैं रुद्रा राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी, बोले जन-जन में सपा को मजबूत करूंगा
लखनऊ/आजमगढ़। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की स्वीकृति से आजमगढ़ निवासी ऋतिक मौर्यवंशी ‘रुद्र’ को मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष बनाया गया है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह ने 14 अक्टूबर 2026 को उनका मनोनयन किया। ऋतिक मौर्यवंशी, दिनेश कुमार मौर्य के पुत्र हैं। राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने से उनके समर्थकों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है।
नई जिम्मेदारी मिलने पर ऋतिक मौर्यवंशी ‘रुद्र’ ने कहा कि समाजवादी पार्टी में दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों समेत सर्वसमाज के लोगों का सम्मान है। समाजवादी विचारधारा सामाजिक न्याय और सभी वर्गों की भागीदारी की पक्षधर है। उन्होंने कहा कि वह जन-जन के बीच जाकर समाजवादी पार्टी को मजबूत करने का काम करेंगे। युवाओं को संगठन से जोड़ने के साथ ही पार्टी की नीतियों और विचारधारा को आम जनता तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी।
उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता भाजपा सरकार से तंग आ चुकी है। महंगाई, बेरोजगारी और जनसमस्याओं से परेशान लोग बदलाव चाहते हैं। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा से निर्वहन करते हुए संगठन को मजबूत बनाने के लिए काम करेंगे।
ऋतिक मौर्यवंशी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए जाने को आजमगढ़ के युवा कार्यकर्ताओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है। समर्थकों को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में युवाओं के बीच संगठन की सक्रियता बढ़ेगी और समाजवादी पार्टी को मजबूती मिलेगी।

