डबल लॉक के बाद भी दीवार फांदकर घुसे चोर, कैंट पुलिस ने शुरू की जांच
वाराणसी। कैंट थाना क्षेत्र के गिलट बाजार स्थित पॉश कॉलोनी पत्रकार पुरम में चोरों ने एक बार फिर पुलिस गश्त की पोल खोल दी है। गेट नंबर-1 स्थित सेवानिवृत्त शिक्षक के बंद पड़े दो मंजिला मकान को निशाना बनाकर चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
नोएडा गए थे दंपति, सूना देख धावा बोला
जानकारी के अनुसार पत्रकार पुरम निवासी डॉ. सुमन विद्यापीठ से सेवानिवृत्त अध्यापक करीब 10 वर्ष पहले यहां अपना आशियाना बनाकर पत्नी मधु श्रीवास्तव के साथ रहते हैं। इन दिनों दोनों अपनी बेटी के यहां नोएडा गए हुए हैं। मकान के दोनों मुख्य द्वारों पर ताले लटके थे, बावजूद इसके बेखौफ चोर दीवार फांदकर घर में दाखिल हो गए और अलमारियों को खंगाल डाला।
सीसीटीवी से सुराग तलाश रही पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही कैंट पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस आसपास की कॉलोनियों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल कर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
फिलहाल चोरी गए आभूषण, नकदी व अन्य कीमती सामान का पूरा ब्योरा सामने नहीं आ पाया है। शिक्षक दंपति के नोएडा से लौटने के बाद ही नुकसान का सही आकलन हो सकेगा।



