मकान ढहने के नौ दिन बाद भी मदद का इंतजार, पीड़ित परिवार को नहीं मिली आवासीय सहायता

 वाराणसी। सीर गोवर्धनपुर स्थित रविदास मंदिर के पीछे बारिश के कारण कच्चा मकान धराशायी होने की घटना के




करीब नौ दिन बाद भी पीड़ित परिवार सरकारी सहायता का इंतजार कर रहा है। परिवार का आरोप है कि हादसे के बाद प्रशासन की ओर से मदद का आश्वासन तो दिया गया, लेकिन अब तक उन्हें आवासीय सहायता या आर्थिक सहयोग नहीं मिल सका है।

बताया जा रहा है कि लगातार बारिश के बीच कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया था। हादसे के दौरान परिवार के चार सदस्य मलबे में दबकर घायल हो गए थे। घायलों में दो लोगों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। वहीं, हादसे में परिवार की एक बकरी और एक कुत्ता भी मलबे में दब गए थे।

घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे लेखपाल कुंदन सिंह ने मकान का निरीक्षण किया था। परिजनों के अनुसार, उस समय उन्हें प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया गया था। परिवार का कहना है कि उन्हें आवासीय सहायता के साथ आर्थिक सहयोग, गेहूं, चावल और अन्य जरूरी घरेलू सामग्री उपलब्ध कराने की बात कही गई थी।

लेकिन पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के करीब नौ दिन गुजरने के बाद भी उन्हें आवास निर्माण के लिए कोई धनराशि नहीं मिली है। परिवार के मुताबिक, अब तक केवल 25 किलो चावल, एक किलो चीनी और एक किलो सरसों का तेल उपलब्ध कराया गया है।

पीड़ित परिवार का कहना है कि मकान पूरी तरह गिर जाने के बाद उनके सामने रहने और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने का संकट खड़ा हो गया है। परिवार ने प्रशासन से मांग की है कि मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए उन्हें नियमानुसार आवासीय और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि बारिश के बीच उन्हें सुरक्षित आश्रय मिल सके।

अब देखना होगा कि प्रशासन पीड़ित परिवार की शिकायत पर कब तक कार्रवाई करता है और उन्हें सरकारी योजनाओं के तहत वास्तविक राहत मिल पाती है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने