वाराणसी। भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य प्राकट्य दिवस जन्माष्टमी के पावन अवसर पर इस्कॉन वाराणसी, दुर्गाकुंड में 2 से 5
सितंबर 2026 तक चार दिवसीय भव्य जन्माष्टमी उत्सव का आयोजन किया जाएगा। उत्सव में आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं भक्ति से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं आमजन के शामिल होने की संभावना है।
उत्सव का आयोजन इस्कॉन वाराणसी के अध्यक्ष अच्युत मोहन दास के मार्गदर्शन में साक्षी मुरारी दास, रसिक गोविंद दास, मुरारी गुप्ता दास, धवल कृष्ण दास एवं राम केशव दास द्वारा किया जा रहा है।
उत्सव का शुभारंभ 2 एवं 3 सितंबर को सुबह 8 बजे से 10 बजे तक श्रीमद्भागवत कथा से होगा। कथा का वाचन श्रीमान अच्युत मोहन प्रभु करेंगे। श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य शिक्षाओं एवं उनकी लीलाओं के श्रवण और मनन का अवसर मिलेगा। कथा के पश्चात श्रद्धालुओं के लिए प्रसादम की व्यवस्था रहेगी।
4 एवं 5 सितंबर को शाम 6 बजे से रात 11 बजे तक भक्ति संगीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। IIT-BHU के पूर्व छात्रों द्वारा गठित विशुद्ध बैंड द्वारा कीर्तन एवं भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। इसके अलावा भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं लीलाओं पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। प्रतिभागी अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के प्रति भक्ति एवं समर्पण व्यक्त करेंगे। उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
उत्सव के दौरान मंदिर परिसर में 24 घंटे निरंतर कीर्तन होगा। इससे पूरा परिसर हरे कृष्ण महामंत्र की दिव्य ध्वनि से गुंजायमान रहेगा और श्रद्धालुओं को भक्तिमय वातावरण का अनुभव प्राप्त होगा।
जन्माष्टमी उत्सव का प्रमुख आकर्षण भगवान श्रीकृष्ण का कलश महा-अभिषेक होगा। इस दौरान विभिन्न प्रकार के पुष्पों सहित 51 प्रकार की वस्तुओं से भगवान का दिव्य अभिषेक किया जाएगा। इसके पश्चात भव्य आरती होगी, जिसमें श्रद्धालुओं को सहभागी होने का अवसर मिलेगा।
उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं के बीच शुद्ध देसी घी से तैयार दो क्विंटल से अधिक हलवे का प्रसाद वितरित किया जाएगा। भगवान श्रीकृष्ण को पारंपरिक भारतीय एवं आधुनिक शैली के आकर्षक परिधानों से सजाया जाएगा। इस्कॉन वाराणसी के गृहस्थ भक्तों द्वारा प्रेमपूर्वक तैयार की गई सुंदर पुष्पमालाओं से भगवान का विशेष श्रृंगार किया जाएगा।
उत्सव का समापन नंदोत्सव के साथ होगा। इस अवसर पर श्रील प्रभुपाद कथा, कीर्तन एवं महा-अभिषेक का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद भगवान को 108 प्रकार के व्यंजनों का महाभोग अर्पित किया जाएगा तथा श्रद्धालुओं के लिए भंडारा प्रसाद की व्यवस्था रहेगी।
इस्कॉन वाराणसी ने श्रद्धालुओं एवं आमजन से अपील की है कि वे इस पावन अवसर पर आयोजित जन्माष्टमी उत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य प्राकट्य का उत्सव मनाएं और भक्तिमय वातावरण का अनुभव प्राप्त करें। उत्सव सभी के लिए खुला है।
स्थान: इस्कॉन वाराणसी, दुर्गाकुंड, वाराणसी
मोबाइल: 9511151545
ईमेल: iskconvaranasi@gmail.com


