वाराणसी:धर्मनगरी वाराणसी में गंगा नदी का रुख एक बार फिर आक्रामक होने लगा है।
केंद्रीय जल आयोग (CWC) के राजघाट गेज स्टेशन के अनुसार, बुधवार सुबह 10 बजे गंगा का जलस्तर 70.32 मीटर दर्ज किया गया, जो चेतावनी बिंदु (70.262 मीटर) से लगभग 6 सेंटीमीटर ऊपर है।
नदी में पानी 2 सेंटीमीटर प्रति घंटे की गति से लगातार बढ़ रहा है। हालांकि जलस्तर अभी खतरे के निशान (71.262 मीटर) से 94.2 सेंटीमीटर नीचे है, लेकिन लगातार हो रही इस बढ़ोतरी ने तटवर्ती इलाकों में हलचल तेज कर दी है।
घाटों का संपर्क टूटने की कगार पर, प्रशासन अलर्ट
पानी बढ़ने के कारण शहर के कई प्रमुख घाटों का आपसी संपर्क टूटने लगा है और निचले हिस्से जलमग्न हो रहे हैं। मणिकर्णिका और हरिश्चंद्र घाट पर शवदाह के लिए जगह सीमित होने लगी है, जिससे लोगों को ऊपरी सीढ़ियों का रुख करना पड़ रहा है।
लगातार बढ़ रहे दबाव को देखते हुए जिला प्रशासन और एनडीआरएफ पूरी तरह सतर्क हैं। नाविकों और स्नानार्थियों को गहरे पानी में न जाने तथा तटीय बस्तियों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने के निर्देश जारी किए गए हैं। यदि पानी के बढ़ने की यही रफ्तार जारी रही, तो आने वाले 48 घंटे बेहद संवेदनशील साबित हो सकते हैं।
