कैंपियरगंज (गोरखपुर)। राजकीय कन्या इंटर कॉलेज गोपालगंज उर्फ हरनामपुर में शिक्षिकाओं द्वारा छात्राओं के
उत्पीड़न और विद्यालय में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने प्रधानाचार्य को ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं हुआ तो संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
छात्राओं का आरोप है कि विद्यालय की शिक्षिकाएं—डॉ. सुप्रिया त्रिपाठी और डॉ. अंजली उपाध्याय नियमित पढ़ाने के बजाय उनकी गरीबी और पारिवारिक पृष्ठभूमि पर अपमानजनक टिप्पणियां करती हैं। बोलने पर छात्राओं से मारपीट की जाती है और उनके अभिभावकों के लिए अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल होता है, जिससे तंग आकर कई छात्राओं ने स्कूल आना छोड़ दिया है। इसके अलावा विद्यालय में लगी स्मार्ट क्लास बंद पड़ी धूल फांक रही है और सुरक्षा के लिए परिसर में सीसीटीवी कैमरे तक नहीं लगे हैं।
मामले को संज्ञान में लेते हुए प्रधानाचार्य ने आश्वस्त किया कि समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा। प्रधानाचार्य ने संबंधित सहायक अध्यापिका डॉ. सुप्रिया त्रिपाठी को अपनी भाषा-शैली सुधारने और छात्राओं से खेद प्रकट करने का निर्देश दिया। साथ ही चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसी शिकायत मिलने पर उनके स्थानांतरण की सिफारिश उच्चाधिकारियों से की जाएगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान विभाग संगठन मंत्री अभिषेक श्रीवास्तव, विभाग संयोजक राहुल पासवान, पूर्व नगर मंत्री अजय नायक, नगर मंत्री रितीकेश प्रजापति, नगर सहमंत्री आनंद पासवान, कन्हैया, महावीर, अंश, बिजेंद्र सिंह और संतोष गुप्ता सहित कई कार्यकर्ता, अभिभावक व छात्राएं मौजूद रहीं।
Tags
Gorakhpur


