शिवपुर थाने में आधी रात गूंजा नंद घर आनंद भयो, धूमधाम से मनाया गया कान्हा का जन्मोत्सव

थाना परिसर में बाल गोपाल का अभिषेक, भक्तों में बंटा प्रसाद

वाराणसी।धर्म की नगरी काशी में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की धूम के बीच रिजर्व पुलिस लाइन, सिगरा, रामनगर और शिवपुर थाना परिसर में भी कान्हा के जन्मोत्सव का अलौकिक दृश्य देखने को मिला। रात 12 बजते ही जैसे ही भगवान श्री कृष्ण का जन्म हुआ, पूरा परिसर "नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की" और "हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की" के गगनभेदी जयकारों से गूंज उठा।








शिवपुर थाना तो गुरुवार से ही दुल्हन की तरह सजा हुआ था, लेकिन जन्माष्टमी की रात उसकी छटा देखते ही बन रही थी। आकर्षक रोशनियों, फूल-मालाओं और रंग-बिरंगी झालरों से सजे थाना परिसर में भगवान बाल गोपाल की मनमोहक झांकी सजाई गई थी। मोर मुकुट, पीताम्बर और मुरली धारण किए बाल कृष्ण की झांकी को देख हर कोई मंत्रमुग्ध हो गया।



ठीक रात 12:00 बजे थाना प्रभारी अजित कुमार वर्मा के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने पूरे विधि-विधान के साथ भगवान श्री कृष्ण के जन्म का उत्सव मनाया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बाल गोपाल का पंचामृत से अभिषेक किया गया, नवीन वस्त्र धारण कराए गए और विशेष श्रृंगार के बाद महाआरती की गई। आरती के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया, पुलिस की वर्दी में भक्ति का यह अनोखा संगम देखते ही बन रहा था।


थाना प्रभारी अजित कुमार वर्मा ने कहा कि भगवान श्री कृष्ण हमें अधर्म पर धर्म की विजय और न्याय के पथ पर चलने की प्रेरणा देते हैं। इस पावन अवसर पर क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि और सुरक्षा के लिए कामना की गई।


कार्यक्रम में आए हुए सभी श्रद्धालु भक्तों के लिए प्रसाद की विशेष व्यवस्था की गई थी। देर रात तक भक्तों ने भजन-कीर्तन में भाग लिया और प्रसाद ग्रहण कर खुद को धन्य महसूस किया।




एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने