सीवर चोक के विरोध में गुरुधाम में स्थानीय लोगों का धरना, सड़क जाम कर जताया आक्रोश

 वाराणसी। खोजवा पुस्तकालय गली से गुरुधाम राम मंदिर तक सीवर चोक की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा एक बार फिर सामने आया। शनिवार की सुबह बड़ी संख्या में


स्थानीय लोगों ने दाहचौक तिराहा से गुरुधाम और कश्मीरीगंज से गुरुधाम तक जाने वाले मार्ग को जाम कर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।





प्रदर्शन के दौरान स्थानीय लोगों ने सीवर चोक और जलनिकासी की समस्या को लेकर जमकर नारेबाजी की। लोगों का आरोप है कि लंबे समय से क्षेत्र में सीवर की समस्या बनी हुई है, लेकिन शिकायतों के बावजूद इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है। बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है, जिससे लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।


धरने के दौरान मौके पर पहुंचे जलकल विभाग के जीएम और कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव को स्थानीय लोगों ने रोक लिया। प्रदर्शनकारियों के मुताबिक, दोनों अधिकारियों को क्षेत्र में ले जाकर समस्या से अवगत कराया गया और इसके बाद दाहचौक पर बैठाकर लोगों ने अपनी मांगें रखीं।

स्थानीय लोगों ने मांग की कि खोजवा पुस्तकालय गली से गुरुधाम राम मंदिर तक सीवर की समस्या का तत्काल समाधान कराया जाए और जलनिकासी की व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए। लोगों का कहना है कि केवल अस्थायी व्यवस्था से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि स्थायी समाधान की जरूरत है।

वहीं, सड़क जाम होने से कुछ समय के लिए क्षेत्र में आवागमन प्रभावित रहा। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आगे भी आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने