नारायणी विहार कॉलोनी में जलभराव से हाहाकार, घरों में घुसा बारिश का पानी

वाराणसी।चितईपुर थाना क्षेत्र के नारायणी विहार कॉलोनी में पिछले एक सप्ताह से लगातार हो रही बारिश के चलते


जलभराव की गंभीर समस्या बनी हुई है। कॉलोनी की सड़कों से लेकर लोगों के घरों तक बारिश का पानी पहुंच गया है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि कॉलोनी में जगह-जगह पानी जमा है और कई घरों में भी बारिश का पानी घुस गया है। पानी निकालने के लिए कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं होने के कारण हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। लंबे समय से जमा पानी में बदबू फैलने लगी है और मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है। लोगों को आशंका है कि यदि जल्द ही जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।


क्षेत्रीय निवासी प्रभादेवी ने बताया कि कॉलोनीवासियों की स्थिति बेहद खराब है। चारों तरफ पानी जमा होने के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। उनका आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद क्षेत्रीय पार्षद और नगर निगम की ओर से समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।


स्थानीय लोगों के मुताबिक, उन्होंने क्षेत्रीय पार्षद श्याम भूषण शर्मा से भी कई बार समस्या की शिकायत की। आरोप है कि पार्षद की ओर से यह कहकर पल्ला झाड़ लिया गया कि वे इसमें क्या कर सकते हैं। इससे लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि जब जनप्रतिनिधि ही समस्या के समाधान में असमर्थता जताएंगे तो आम जनता किससे उम्मीद लगाए।


कॉलोनीवासियों ने नगर निगम और संबंधित अधिकारियों से तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराने, जमा पानी की निकासी तथा मच्छरों से बचाव के लिए दवा का छिड़काव कराने की मांग की है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने