रील बनाने के दौरान चली गोली, युवक घायल; आरोपी पुलिस हिरासत में

वाराणसी।फूलपुर थाना क्षेत्र के कठिरांव चौकी अंतर्गत ब्यौहरियापुर गांव में रील बनाने के

गोली से घायल नितीन चौहान

दौरान गोली चलने से एक युवक के घायल होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही फूलपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तीन दोस्त एक साथ रील बनाने में जुटे थे। इसी दौरान गोली चल गई, जिसकी चपेट में आकर नितिन चौहान घायल हो गया। बताया जा रहा है कि गोली कठिरांव निवासी दिलीप मिश्रा के बेटे कृष मिश्रा के द्वारा चली। घटना के बाद पुलिस ने कृष मिश्रा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।





गोली लगने के बाद घायल नितिन चौहान को तत्काल उपचार के लिए ट्रामा सेंटर भेजा गया। बताया जा रहा है कि नितिन अपने ननिहाल में रहकर पढ़ाई करता था और अपने माता-पिता का इकलौता बेटा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों में चिंता और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।




वहीं, घायल युवक के मामा ने ट्रामा सेंटर की व्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि करीब दो घंटे से वह अपने भांजे को लेकर ट्रामा सेंटर में मौजूद हैं, लेकिन इलाज में काफी देरी हो रही है। मामा के मुताबिक, अभी तक चिकित्सकों ने उनके भांजे को उपचार के लिए हाथ तक नहीं लगाया। व्यवस्था से नाराज होकर परिजन घायल युवक को मालदहिया स्थित सिंह मेडिकल ले जाने की बात कह रहे हैं।

इधर, फूलपुर पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गोली किन परिस्थितियों में चली और घटना के पीछे क्या कारण था। पुलिस ने घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ के साथ-साथ घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।



फिलहाल घायल युवक का उपचार कराया जा रहा है और पुलिस की जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद गांव में भी तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने