बक्सर में बोले जितेंद्र सिंह—विभाजनकारी ताकतों को ध्वस्त कर विकसित भारत बनाएंगे युवा
अचूक रणनीति
बक्सर (बिहार)त्रिपुरेश्वर त्रिपाठी
भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सिंह के प्रथम बक्सर आगमन पर कार्यकर्ताओं ने अभूतपूर्व और ऐतिहासिक स्वागत किया। शहर के सिंडिकेट गोलंबर पर उमड़े हजारों कार्यकर्ताओं ने जेसीबी से गुलाब की पंखुड़ियों की बारिश कर और विशाल फूल-मालाओं से अपने प्रदेश अध्यक्ष का जोरदार अभिनंदन किया। इस दौरान पूरा इलाका 'भारत माता की जय' और 'भाजपा जिंदाबाद' के गगनभेदी नारों से गूंज उठा।
स्वागत के बाद प्रदेश अध्यक्ष का काफिला नगर भ्रमण करते हुए वीर कुंवर सिंह चौक पहुंचा, जहां उन्होंने 1857 के महानायक बाबू वीर कुंवर सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
अहिरौली स्थित भाजपा कार्यालय में हुंकार
इसके उपरांत अहिरौली स्थित भाजपा जिला कार्यालय में कार्यकर्ताओं की एक उच्चस्तरीय संगठनात्मक बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता भाजयुमो जिलाध्यक्ष अविनाश पाण्डेय और मंच संचालन धीरज पाठक ने किया। स्वागत भाषण देते हुए अविनाश पाण्डेय ने संगठन की सक्रियता का ब्योरा रखा।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन ने कहा कि बक्सर का युवा हर तरह की विभाजनकारी चुनौती से निपटने का माद्दा और ताकत रखता है।
मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए ऐतिहासिक विकास कार्यों और केंद्र सरकार के सुशासन का खाका पेश किया। उन्होंने कहा, "देश विरोधी और विभाजनकारी शक्तियां युवाओं को गुमराह करने की साजिश रच रही हैं, लेकिन भारत का युवा उनके मंसूबों को चकनाचूर कर एक सशक्त और विकसित भारत का निर्माण करेगा।" उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की रही भारी मौजूदगी
कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष रंजन राय, प्रदेश कोषाध्यक्ष राजेश सिन्हा, प्रदीप दुबे, कुलभूषण जी, मुकेश यादव, निर्भय राय, विनोद राय, संध्या पांडेय, रमाश्रय राम, कंचन देवी, प्रिया राय, रुपेश दुबे और सत्येंद्र पाण्डेय उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विमल सिंह ने सभी आगंतुकों का धन्यवाद ज्ञापन किया।
उमाशंकर राय
जिला मीडिया प्रभारी, भाजपा बक्सर

