वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र के बेलवरियां गांव में एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे गांव
को झकझोर कर रख दिया। निर्माणाधीन मकान के लिए जेसीबी से खोदे गए गड्ढे में भरे बरसाती पानी में डूबने से दस वर्षीय मासूम आशु पटेल की असमय मौत हो गई। मासूम की मौत के बाद से गांव में कोहराम मचा है, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार मकान की नींव के लिए जेसीबी मशीन से गहरा गड्ढा खोदा गया था, जिसमें बरसात का पानी भर गया था और वह एक खतरनाक जलकुंड में तब्दील हो गया था। खेलते-खेलते मासूम आशु अनजाने में उसी पानी भरे गड्ढे में जा गिरा और देखते ही देखते काल के गाल में समा गया।
बताया जा रहा है कि बच्चा पूर्वाह्न 11 बजे से लापता था। चिंतित परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। पास के एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली गई तो उसमें मासूम निर्माणाधीन मकान की ओर जाता हुआ दिखाई दिया। आशंका के आधार पर जब पानी से भरे गड्ढे में खोजबीन की गई तो दोपहर करीब दो बजे मासूम का निष्प्राण शव बाहर निकाला गया।
परिजन आनन-फानन में डायल 112 की मदद से उसे दीनदयाल अस्पताल लेकर भागे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद आशु को मृत घोषित कर दिया।
सबसे हृदयविदारक पहलू यह है कि आशु कक्षा दो का छात्र था और बीते एक साल में यह परिवार की दूसरी संतान की मौत है। महज एक वर्ष पूर्व ही परिवार की पांच वर्षीय बेटी की बीमारी के चलते मृत्यु हो गई थी। एक के बाद एक दो मासूमों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
