वाराणसी।शिवपुर थाना क्षेत्र के चांदमारी चौकी अंतर्गत विश्वनाथपुरी कॉलोनी में चोरी की एक बड़ी
वारदात सामने आई है। चोरों ने एक अधिवक्ता के बंद पड़े आवास का ताला तोड़कर नकदी और आभूषणों सहित लाखों रुपये के कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। जिस वक्त यह सेंधमारी हुई, उस समय पीड़ित परिवार अपने पैतृक गांव में धार्मिक अनुष्ठान में सम्मिलित होने गया हुआ था।
जानकारी के अनुसार विश्वनाथपुरी कॉलोनी निवासी अधिवक्ता महिपाल सिंह अपने मकान पर ताला लगाकर सपरिवार गांव सियावां, जनपद गाजीपुर में पूजा-पाठ कार्यक्रम में गए हुए थे। इसी बीच सुनसान मकान पाकर अज्ञात चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और कमरे में रखी अलमारी को तोड़ डाला। अलमारी में रखे 35 हजार रुपये नकद और लगभग पांच लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण समेट कर चोर फरार हो गए।
घटना का खुलासा 25 अगस्त को तब हुआ जब परिवार पूजा से लौटकर अपने घर वापस पहुंचा। घर का ताला टूटा और सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए। तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची शिवपुर पुलिस ने छानबीन शुरू की और साक्ष्य संकलन के लिए फॉरेंसिक टीम को घटनास्थल पर बुलाया। पुलिस आसपास की कॉलोनियों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों का सुराग लगाया जा सके।
