वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र के बाईपास स्थित स्वास्तिक हॉस्पिटल के पास रविवार तड़के
एक तेज रफ्तार मैजिक ने बाइक सवार को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसकी बाइक क्षतिग्रस्त हो गई।
प्राप्त तहरीर के अनुसार प्रार्थी सूर्यबली पुत्र स्व. रामबचन, निवासी ग्राम गणेशपुर, थाना शिवपुर, वाराणसी का भाई ओमप्रकाश अपनी हीरो स्प्लेंडर प्रो बाइक नंबर *UP65 BQ 2750* से बाजार जा रहा था। वह बाईपास पर स्वास्तिक हॉस्पिटल के पास पहुंचा ही था कि पीछे से आ रही मैजिक वाहन नंबर *UP65 HT 1854* ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से ओमप्रकाश बुरी तरह घायल हो गया और उसके शरीर के कई अंगों में गंभीर चोटें आईं। घटना की जानकारी मिलते ही उसका भाई सूर्यबली मौके पर पहुंचा और तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही मैजिक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
प्रार्थी के अनुसार यह घटना 23 अगस्त 2026 की सुबह लगभग 4 बजे की है। इस संबंध में प्रार्थी सूर्यबली ने थाना प्रभारी शिवपुर कमिश्नरेट वाराणसी को तहरीर देकर मैजिक वाहन व उसके चालक के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
