ऑपरेशन चक्रव्यूह: शिवपुर पुलिस की बड़ी सफलता, चेन लुटेरा मुठभेड़ में धराया

शातिर लुटेरा पुलिस की गोली से घायल, लूटी गई चेन, तमंचा और बाइक बरामद

वाराणसी। कमिश्नरेट पुलिस के ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत शिवपुर पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। महिला से चेन लूट की वारदात को अंजाम देने वाले शातिर अपराधी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार देर रात हुई इस कार्रवाई में पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगी है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिवपुर पुलिस की टीम गुरुवार रात करीब 11 बजे हरिहरपुर क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की तेज रफ्तार पल्सर बाइक पर सवार एक संदिग्ध युवक आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो वह बैरिकेड तोड़कर भागने लगा। कुछ दूरी पर अनियंत्रित होकर बाइक फिसल गई और बदमाश सड़क पर गिर पड़ा।

खुद को घिरता देख आरोपित ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में संयमित जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। पुलिस ने तत्काल उसे दबोच लिया और उपचार हेतु अस्पताल भिजवाया।

घायल बदमाश की पहचान शशि भूषण (28) पुत्र लक्ष्मी नारायण, निवासी तार बांग्ला बिजली कॉलोनी, थाना डेहरी, जनपद रोहतास, बिहार के रूप में हुई है।

लूटी गई चेन और असलहा बरामद

तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से एक देशी तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस, लूटी गई पीली धातु की चेन और घटना में प्रयुक्त पल्सर बाइक बरामद की है।

पूछताछ में शातिर ने स्वीकार किया कि उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर 24 अगस्त को शिवपुर के खुशहाल नगर में महिला से चेन लूट की घटना को अंजाम दिया था। इस संबंध में थाना शिवपुर में बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत है।

पुलिस फरार साथी की तलाश में दबिश दे रही है और बदमाश के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। शिवपुर पुलिस की इस साहसिक कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।



एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने