राखी खरीदकर पैदल घर लौट रही महिला से दिनदहाड़े चेन लूट, विरोध पर किया लहूलुहान - चांदमारी चौकी क्षेत्र में दहशत*

वाराणसी/शिवपुर।चांदमारी चौकी, बड़ालालपुर अंतर्गत


खुशहाल नगर में महिला सुरक्षा को शर्मसार करने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। त्योहार के लिए बाजार से राखी लेकर पैदल घर लौट रही एक मासूम मां के साथ मुंह बांधे हौसला बुलंद उचक्कों ने न सिर्फ लूटपाट की, बल्कि हैवानियत की हद पार करते हुए उसे खून से लथपथ कर दिया।

मूल रूप से गाजीपुर की रहने वाली हैं पीड़िता

भुक्तभोगी प्रिया सिंह पत्नी कृष्ण कुमार सिंह मूलतः ग्राम व पोस्ट सिंगारपुर, तहसील सैदपुर, जनपद गाजीपुर की निवासी हैं। अपने बच्चों के उज्जवल भविष्य व शिक्षा-दीक्षा हेतु वह वर्तमान में वाराणसी के चांदमारी चौकी, बड़ालालपुर के खुशहाल नगर, सेक्टर-A, मकान नं० 235 में श्री सुभाष चन्द्र पाण्डेय के यहाँ सपरिवार किराये पर निवास करती हैं।

घर के दरवाजे पर ही घात लगाए थे लुटेरे


24 अगस्त 2026, दोपहर करीब 3 बजे की यह दिल दहला देने वाली घटना है। प्रार्थिनी अपने बच्चों के साथ बाजार से राखी की खरीदारी कर पैदल ही अपने किराये के आवास पर लौट रही थी और जैसे ही वह अपने मुख्य गेट पर पहुंची, पहले से घात लगाए बैठे दो मुंह बांधे शातिर चेन स्नैचर पीछे से झपट पड़े। पलक झपकते ही बदमाशों ने महिला के गले में पड़ी सोने की चेन जिसकी कीमत सवा लाख रु. बताई जा रही है को बेरहमी से नोच लिया।

जब पीड़िता ने साहस दिखाते हुए अपनी चेन बचाने का प्रयास किया, तो निर्दयी बदमाशों ने उन्हें जोरदार धक्का देकर जमीन पर पटक दिया। सिर फटने से महिला गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गई और बदमाश लूटी गई चेन लेकर सरपट फरार हो गए।

उपचार जारी, हालत में सुधार


घटना के बाद लहूलुहान अवस्था में चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े और तत्काल उपचार हेतु नजदीकी चिकित्सालय ले जाया गया। चिकित्सकों द्वारा सिर पर टांके लगाए गए हैं। फिलहाल महिला का उपचार चल रहा है और अब उनकी स्थिति में पहले से काफी सुधार बताया जा रहा है, परन्तु भय और पीड़ा से वह अभी भी सहमी हुई हैं।


पीड़िता ने शिवपुर थानाध्यक्ष को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने चांदमारी चौकी पुलिस से मांग की है कि महिला सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले इन बेखौफ चेन लुटेरों को शीघ्र गिरफ्तार कर कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाए और लूटी गई चेन बरामद कर न्याय दिलाया जाए।



एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने