विश्व फोटोग्राफी दिवस पर ‘लेंस के माध्यम से’ फोटो प्रदर्शनी का आयोजन
वाराणसी। विश्व फोटोग्राफी दिवस 2026 के अवसर पर काशी हिंदू विश्वविद्यालय के दृश्य कला संकाय के एप्लाइड आर्ट्स विभाग की ओर से ‘लेंस के माध्यम से’ विषय पर विशेष फोटो प्रदर्शनी एवं रचनात्मक मिलन का आयोजन किया गया। यह प्रदर्शनी 18 से 21 अगस्त तक अहिवासी कला दीर्घा, दृश्य कला संकाय, काशी हिंदू विश्वविद्यालय में आयोजित की जा रही है। प्रदर्शनी का समय प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक रखा गया है।
प्रदर्शनी का उद्घाटन मंगलवार, 18 अगस्त को दोपहर 12:30 बजे हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता दृश्य कला संकाय की डीन प्रो. उत्तमा दीक्षित ने की। वहीं मुख्य अतिथि के रूप में काशी हिंदू विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. राजन श्रीवास्तव उपस्थित रहे। कार्यक्रम में वाराणसी के प्रख्यात छायाकार श्री अमित अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
इस अवसर पर एप्लाइड आर्ट्स विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. मनीष अरोड़ा आयोजनाध्यक्ष की भूमिका में रहे। कार्यक्रम के समन्वयक सहायक प्रोफेसर श्री कृष्ण सिंह हैं, जबकि सह-समन्वयक के रूप में डॉ. आशीष गुप्ता, सुश्री सृष्टि प्रजापति और श्री ज्ञानेंद्र के. पाण्डेय ने जिम्मेदारी संभाली। प्रदर्शनी के समन्वयक डॉ. ललित मोहन सोनी, सहायक प्रोफेसर, पेंटिंग विभाग हैं।
दृश्य कला संकाय की छात्रा श्वेता साहू ने बताया कि फोटोग्राफी केवल किसी दृश्य को कैमरे में कैद करने का माध्यम नहीं, बल्कि भावनाओं, विचारों और समाज के विभिन्न पहलुओं को अभिव्यक्त करने वाली कला है। प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यार्थियों और युवा छायाकारों को अपनी रचनात्मक सोच और प्रतिभा को लोगों के सामने प्रस्तुत करने का अवसर मिल रहा है।
‘लेंस के माध्यम से’ प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य फोटोग्राफी के जरिए कला, रचनात्मकता, संस्कृति और समाज के विभिन्न रंगों को प्रस्तुत करना है। साथ ही युवा एवं उभरते छायाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना भी इसका प्रमुख उद्देश्य है। प्रदर्शनी में लगाए गए छायाचित्र दर्शकों को अलग-अलग दृष्टिकोणों से दुनिया को देखने और तस्वीरों के पीछे छिपी कहानियों को समझने का अवसर प्रदान कर रहे हैं।
