BHU PG Admission 2026-27

 मॉप-अप राउंड से भरी जा रही खाली सीटें, 7 अगस्त को होगी फिजिकल काउंसलिंग


वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में स्नातकोत्तर प्रवेश 2026-27 के तहत खाली रह गई सीटों को भरने के लिए मॉप-अप राउंड आयोजित किया जा रहा है। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि मॉप-अप राउंड की प्रक्रिया स्पॉट राउंड से अलग होगी। इसमें केवल वे अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे, जिन्होंने पहले से BHU PG Admission 2026-27 के लिए पंजीकरण कराया है, लेकिन वर्तमान में Regular या Spot Round के माध्यम से उनके पास कोई सीट नहीं है।

मॉप-अप राउंड सभी PG पाठ्यक्रमों पर लागू होगा

। GDPI, प्रैक्टिकल टेस्ट या फिजिकल टेस्ट आधारित पाठ्यक्रमों के अभ्यर्थी भी इसमें शामिल हो सकते हैं, लेकिन संबंधित परीक्षा में शामिल होकर उसे उत्तीर्ण करना अनिवार्य होगा।


लॉ फैकल्टी के प्रोफेसर एवं मॉप-अप राउंड के कोऑर्डिनेटर राजीव माली ने बताया कि विश्वविद्यालय की ओर से खाली सीटों को भरने के लिए यह प्रक्रिया शुरू की गई है। उन्होंने बताया कि मॉप-अप राउंड में केवल एक बार सीट आवंटन किया जाएगा। इसके बाद सीट अपग्रेड करने का कोई प्रावधान नहीं होगा। इस प्रक्रिया के लिए कोई नया ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन भी नहीं किया जाएगा।


पात्र अभ्यर्थियों को मॉप-अप आवेदन फॉर्म भरकर 7 अगस्त 2026 को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक संबंधित विभाग या केंद्र में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना होगा। अभ्यर्थियों को सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ Samarth Portal से BHU PG Registration Form भी ले जाना होगा।


मॉप-अप राउंड के लिए वे अभ्यर्थी पात्र होंगे, जिन्होंने अपनी आवंटित सीट कैंसिल या विथड्रॉ कर दी है, सीट आवंटित होने के बाद फीस जमा नहीं की है अथवा फीस एडजस्ट नहीं की है। इसके अलावा Regular और Spot Round के वेटिंग लिस्ट वाले अभ्यर्थी भी इसमें शामिल हो सकेंगे।

विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों को निर्देश दिया है कि वे केवल एक ही ऐसे पाठ्यक्रम के लिए मॉप-अप राउंड में उपस्थित हों, जिसके लिए उन्होंने पहले रजिस्ट्रेशन किया था। एक से अधिक कार्यक्रमों के लिए आवेदन करने पर उम्मीदवारी रद्द की जा सकती है।

फिजिकल काउंसलिंग के दौरान अभ्यर्थी को ₹2,000 का डिमांड ड्राफ्ट सुरक्षा राशि के रूप में जमा करना होगा। DD “The Registrar, Banaras Hindu University” के नाम से और Varanasi में payable होना चाहिए। सीट मिलने के बाद फीस जमा करने पर अथवा सीट नहीं मिलने की स्थिति में DD वापस कर दिया जाएगा। वहीं सीट मिलने के बावजूद निर्धारित समय में फीस जमा नहीं करने पर DD जब्त कर लिया जाएगा।

सीट आवंटन निर्धारित समय में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने वाले पात्र अभ्यर्थियों की मेरिट और उनकी पसंद के आधार पर किया जाएगा। मॉप-अप राउंड की मेरिट Regular और Spot Round की मेरिट से स्वतंत्र होगी। विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों को सभी आवश्यक दस्तावेज पूरे रखने की सलाह दी है। दस्तावेज अधूरे, गलत या अनुपलब्ध होने पर अभ्यर्थी की उम्मीदवारी रद्द की जा सकती है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने