चन्दौली: दिव्यांग छात्राओं को मिलेंगी ई-ट्राईसाइकिल, ऑनलाइन आवेदन शुरू

 चन्दौली : दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की ओर से


वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत जिले की स्कूल जाने वाली और शिक्षण-प्रशिक्षण प्राप्त कर रही दिव्यांग छात्राओं के लिए ‘ई-ट्राईसाइकिल’ योजना के तहत आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस योजना के अंतर्गत चन्दौली की प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 20-20 ई-ट्राईसाइकिल प्रदान की जाएंगी, जिससे छात्राएं आसानी से अपनी कक्षाओं, लाइब्रेरी, लैब और हॉस्टल आ-जा सकें।

जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रत्नेश सिंह के अनुसार, इस योजना के तहत प्रति ई-ट्राईसाइकिल अधिकतम 65 हजार रुपये का अनुदान दिया जाएगा।

पात्रता एवं शर्तें:

  • शारीरिक क्षमता: छात्रा की दृष्टि व मानसिक स्थिति अच्छी होनी चाहिए। कमर के ऊपर का हिस्सा स्वस्थ हो और वह हाथों से ट्राईसाइकिल चलाने में सक्षम हो।
  • दिव्यांगता प्रमाण पत्र: मुख्य चिकित्साधिकारी (CMO) द्वारा दिव्यांगता प्रमाणित हो। 02 फोटो में दिव्यांगता स्पष्ट दिखनी चाहिए।
  • आयु एवं आय: न्यूनतम आयु 16 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए और परिवार आयकर दाता न हो।
  • पूर्व लाभ न लिया हो: पिछले 05 वर्षों में केंद्र, राज्य, विधायक/सांसद निधि या किसी सरकारी स्रोत से ई-ट्राईसाइकिल का लाभ न मिला हो।
  • आवश्यक दस्तावेज: शिक्षण संस्थान द्वारा जारी अध्ययनरत (बोनाफाइड) प्रमाण पत्र, पहचान पत्र (आधार कार्ड/सरकारी आईडी) और मोबाइल नंबर।

ऐसे करें आवेदन: पात्र दिव्यांग छात्राएं वेब पोर्टल https://hwd.uphq.in/ पर ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। ऑनलाइन फॉर्म भरने के बाद उसकी हार्ड कॉपी जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी, बिछियांकला (चन्दौली) स्थित कार्यालय में जमा करनी होगी। किसी भी कार्यदिवस में कार्यालय में संपर्क कर विस्तृत जानकारी ली जा सकती है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने