गंगा डॉल्फिन मित्र कॉर्डिनेटर धर्मेंद्र पटेल ने सामनेघाट गंगा तट से जलकुंभी हटाकर दिया स्वच्छता का संदेश

 गंगा डॉल्फिन मित्र कॉर्डिनेटर धर्मेंद्र पटेल ने सामनेघाट गंगा तट से जलकुंभी हटाकर दिया स्वच्छता का संदेश:- 

वाराणसी। महामना मालवीय गंगा शोध केंद्र, बीएचयू वाराणसी के सहयोग से गंगा नदी के बढ़ते जल स्तर को देखते हुए गंगा डॉल्फिन मित्र धर्मेंद्र पटेल एवं उनकी टीम ने सामनेघाट गंगा तट पर जमा जलकुंभी (Water Hyacinth) को हटाने के लिए विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। अभियान के दौरान टीम ने गंगा किनारे फैली जलकुंभी को बाहर निकालकर गंगा स्वच्छता एवं जैव विविधता संरक्षण का संदेश दिया।


गंगा डॉल्फिन मित्र कॉर्डिनेटर धर्मेंद्र पटेल ने बताया कि बाढ़ एवं जल स्तर बढ़ने के दौरान जलकुंभी का अत्यधिक फैलाव नदी के प्राकृतिक प्रवाह को बाधित करता है तथा जलीय जीवों, विशेष रूप से गंगा डॉल्फिन के प्राकृतिक आवास पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। इसी उद्देश्य से यह स्वच्छता अभियान चलाया गया।


गंगा डॉल्फिन मित्र टीम ने बताया कि "गंगा की स्वच्छता और जैव विविधता का संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी निभाए, तो गंगा को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखना संभव है।" उन्होंने लोगों से अपील की कि वे गंगा में किसी भी प्रकार का कचरा, प्लास्टिक या प्रदूषण फैलाने वाली सामग्री न डालें तथा स्वच्छता अभियानों में सक्रिय सहभागिता करें।


अभियान में घाट स्थित क्रूज कर्मचारी संजय दास ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। उन्होंने कहा कि उनकी टीम प्रतिदिन गंगा स्वच्छता अभियान चलाती है तथा लोगों को गंगा में कचरा एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थ न फेंकने के लिए जागरूक करती है। उन्होंने सभी नागरिकों से गंगा की पवित्रता बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।


गंगा डॉल्फिन मित्र व नागरिकों ने संकल्प लिया कि भविष्य में भी गंगा संरक्षण, जन-जागरूकता और स्वच्छता अभियान निरंतर चलाए जाएंगे, ताकि गंगा की निर्मलता और जैव विविधता सुरक्षित रह सके।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने