कपसेठी पुलिस ने महिला अपराध, साइबर क्राइम और हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
वाराणसी। मिशन शक्ति फेस-05 के तहत कपसेठी पुलिस की ओर से सोमवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय बालिका महाविद्यालय, सेवापुरी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में थानाध्यक्ष कपसेठी विकास कुमार मौर्या एवं पुलिसकर्मियों ने छात्राओं को महिला एवं बालिका सुरक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी।
थानाध्यक्ष विकास कुमार मौर्या ने छात्राओं को महिला संबंधी अपराधों, उनसे बचाव के उपाय तथा किसी भी विपरीत परिस्थिति में पुलिस से मिलने वाली सहायता के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा या परेशानी होने पर छात्राएं बिना संकोच तत्काल पुलिस अथवा संबंधित हेल्पलाइन की मदद लें।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को कपसेठी थाने पर स्थापित नवीन मिशन शक्ति केंद्र के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही मिशन शक्ति के तहत सरकार द्वारा संचालित 360 डिग्री कार्यक्रम के उद्देश्यों और महिला एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों से भी अवगत कराया गया।
पुलिसकर्मियों ने छात्राओं को साइबर अपराधों के प्रति भी जागरूक किया। ऑनलाइन ठगी, साइबर फ्रॉड और संदिग्ध लिंक अथवा गतिविधियों से बचने के उपाय बताए गए। साइबर अपराध होने की स्थिति में तत्काल साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।
छात्राओं को महिला एवं बालिका सुरक्षा से जुड़े 1090, 1076, 1098, 1930, 112 और 108 सहित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की उपयोगिता के बारे में भी बताया गया। पुलिस ने छात्राओं को जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी समस्या अथवा असुरक्षा की स्थिति में तत्काल पुलिस की सहायता लें और अपराध के प्रति चुप्पी न साधें।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को अपने अधिकारों, महिला सुरक्षा कानूनों, साइबर अपराध और पुलिस सहायता की प्रक्रिया के प्रति जागरूक करना रहा।


