VIP रोड पर टूटी स्लैब, गंदगी और नाला सफाई की अव्यवस्था को गंभीरता से लिया तत्काल सुधार के निर्देश
गिलट बाजार स्थित दुकान चाय की दुकान के बाहर गंदगी देखते हुए दुकानदार को फटकार लगाई और सफाई करवाई।
विक्की मध्यानी
वाराणसी। गिलट बाजार स्थित VIP रोड पर टूटी स्लैब, सड़क किनारे पड़े कचरे और नाला सफाई में बरती जा रही लापरवाही को लेकर प्रकाशित समाचार का नगर निगम प्रशासन ने संज्ञान लिया है। अचूक रणनीति में प्रमुखता से खबर प्रकाशित होने के बाद शनिवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल स्वयं नगर निगम की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने सड़क के दोनों ओर टूटी स्लैब, नाले से निकाली गई सिल्ट तथा सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से पुनः सफाई अभियान चलाने, सड़क किनारे पड़ी गंदगी हटाने तथा क्षतिग्रस्त स्लैब को बदलने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने जलकल विभाग को भी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि शहर की प्रमुख सड़कों पर सफाई और सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा आम नागरिकों की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान सहायक अभियंता ए.के. सिंह, अवर अभियंता ज्ञान चंद सहित नगर निगम की पूरी टीम मौजूद रही। स्थानीय लोगों ने नगर निगम द्वारा त्वरित संज्ञान लिए जाने का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि जल्द ही क्षेत्र की समस्याओं का स्थायी समाधान होगा।



