काशी विद्यापीठ में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर भव्य सामूहिक योगाभ्यास

 प्रधानमंत्री का लाइव संबोधन सुना, जनप्रतिनिधियों-छात्रों-अधिकारियों ने लिया नियमित योग का संकल्प


विक्की मध्यानी


वाराणसी। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार, 21 जून को महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के प्रांगण में वृहद सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय परिसर में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकगण, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों व गणमान्य नागरिकों ने एक साथ योग की विभिन्न क्रियाओं का अभ्यास कर स्वस्थ समाज और निरोगी जीवन का संदेश दिया।








कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि योग केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली का आधार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से आज योग वैश्विक स्तर पर भारत की सांस्कृतिक पहचान और जीवन दर्शन का प्रतीक बन चुका है। योग शरीर, मन और आत्मा के समन्वय का माध्यम है तथा तनावमुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।

इस दौरान कोलकाता से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सजीव प्रसारण भी उपस्थितजनों ने सुना। प्रधानमंत्री ने योग को मानवता के लिए भारत का उपहार बताते हुए इसे जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।


समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के स्टांप एवं पंजीयन राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार रविंद्र जायसवाल, भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, अजगरा विधायक त्रिभुवन राम, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रो. ए.के. त्यागी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इनके अलावा चंद्रशेखर उपाध्याय, मधुकर चित्रांश, रणंजय सिंह, हीरा यादव, प्रमील पाण्डेय, कुशाग्र श्रीवास्तव, अवनीश पाण्डेय, अमित श्रीवास्तव तथा अभिषेक श्रीवास्तव सहित अनेक गणमान्यजन शामिल हुए।


कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने तथा समाज में योग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया। विश्वविद्यालय परिसर में हुए इस आयोजन ने ‘स्वस्थ भारत-समृद्ध भारत’ के संकल्प को और मजबूत किया।




एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने