काशी जोन में ऑटो-ई-रिक्शा के लिए बारकोड व्यवस्था लागू

नियम तोड़ने पर 183 वाहन सीज, यातायात पुलिस ने चलाया सघन अभियान

विक्की मध्यानी 

वाराणसी। शहर की यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित और सुरक्षित रखने के लिए यातायात पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी ने काशी जोन में ऑटो और ई-रिक्शा के संचालन पर नई पहल की है। बढ़ती संख्या को देखते हुए यहां बारकोड प्रणाली लागू कर दी गई है।

नई व्यवस्था के तहत सीएनजी ऑटो को सिटी परमिट के अनुसार बारकोड आवंटित किए गए हैं। वहीं ई-रिक्शा संचालन को सुगम बनाने के लिए काशी जोन को चार हिस्सों में बांटा गया है। प्रत्येक रूट के लिए अलग रंग का बारकोड तय किया गया है— लाल, पीला, हरा और नीला। इससे यह सुनिश्चित होगा कि हर ई-रिक्शा केवल अपने निर्धारित मार्ग पर ही चले।

यातायात पुलिस कमिश्नरेट बारकोड व्यवस्था के साथ-साथ वाहन चालकों के जरूरी दस्तावेज और मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों की भी नियमित जांच कर रहा है। इसी क्रम में मई और जून माह में मुख्यालय स्तर से विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान बारकोड नियमों और अन्य वैधानिक प्रावधानों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई की गई। 9 मई को 40, 10 मई को 28, 14 मई को 40, 16 मई को 35 और 25 जून को 40 ऑटो-ई-रिक्शा सीज किए गए। अब तक कुल 183 वाहनों पर सीज की कार्रवाई हो चुकी है।

यातायात पुलिस कमिश्नरेट ने आमजन और वाहन चालकों से अपील की है कि निर्धारित रूट, बारकोड व्यवस्था और यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करें। नियमों के पालन से ही शहर की सड़कों पर आवागमन सुचारू, सुरक्षित और व्यवस्थित बना रह सकेगा। विक्की

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने