केंद्रीय कारागार में मैत्री क्रिकेट मैच, पत्रकारों की परफेक्ट मिशन टीम ने जीता मुकाबला

 रामकरन यादव की आतिशी पारी, 17 गेंदों पर 45 रन बनाकर बने मैन ऑफ द मैच

वाराणसी। केंद्रीय कारागार वाराणसी में शुक्रवार 26 जून को बंदियों के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए मैत्री क्रिकेट मैच का आयोजन हुआ। यह रोमांचक मुकाबला कारागार टीम और पत्रकारों की टीम परफेक्ट मिशन क्रिकेट टीम के बीच खेला गया। पत्रकारों ने खेल के मैदान पर भी अपनी सक्रिय भागीदारी और सामाजिक सरोकार का परिचय दिया।


मैच से पहले राधाकृष्ण मिश्र ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और खेल भावना से खेलने के लिए प्रेरित किया। परफेक्ट मिशन क्रिकेट टीम के कप्तान मनीष दीक्षित ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का निर्णय लिया। 


कारागार टीम से ओपनर प्रखर मिश्रा व लक्ष्मीशंकर यादव मैदान में उतरे। पत्रकार टीम के विकास ने पहला ओवर मेडन फेंककर शानदार शुरुआत की। पत्रकार टीम के गेंदबाज रामकरन यादव ने कसी हुई गेंदबाजी की। प्रखर मिश्रा ने 13 गेंदों पर 23 रन बनाए। 


प्रखर के आउट होने के बाद कारागार टीम लड़खड़ाई, लेकिन प्रेमचन्द्र मौर्या ने तेज बल्लेबाजी कर स्कोर 12 ओवर में 89 रन तक पहुंचाया। जवाब में पत्रकारों की परफेक्ट मिशन टीम ने अनुशासित बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 8 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। रामकरन यादव ने 17 गेंदों पर 45 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली और मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार जीता। पत्रकारों की टीम ने खेल के साथ-साथ आपसी भाईचारे का भी संदेश दिया।

कारागार टीम की प्लेइंग 11 में धर्मेंद्र यादव, प्रखर मिश्रा, शिखर मिश्रा, लक्ष्मीशंकर यादव, शिवशंकर, प्रेमचन्द्र मौर्या, धनंजय सिंह, मोईन कालिया, रंजीत, अवधेश और चन्दन यादव शामिल रहे।

मैच के बाद राधाकृष्ण मिश्र ने कहा कि पत्रकारों की टीम का यह सद्भावनापूर्ण प्रयास सराहनीय है। ऐसे आयोजन बंदियों के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा भरते हैं। कारागार प्रशासन समय-समय पर ऐसे मनोरंजक और स्वास्थ्यवर्धक कार्यक्रम आयोजित करता रहता है ताकि बंदियों को तनाव से मुक्ति मिले।

इस अवसर पर राधाकृष्ण मिश्र, अखिलेश कुमार, अखिलेश कुमार मिश्र, अमित कुमार वर्मा, अशोक कुमार राय, किशन सिंह बाल्दिया, अयोध्या प्रसाद सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी और पत्रकारगण उपस्थित रहे।

- विक्की मध्यानी

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने