यूपी कॉलेज हत्याकांड: हत्यारोपियों पर NSA की मांग, गूंजा न्याय का स्वर

 युवा फाउंडेशन ने अपर पुलिस आयुक्त को सौंपा ज्ञापन, कहा- दरिंदों पर हो कड़ी कार्रवाई
विक्की मध्यानी

  वाराणसी। यूपी कॉलेज परिसर में छात्र सूर्य प्रताप सिंह की दिनदहाड़े गोली मारकर की गई निर्मम हत्या ने पूरे शहर को हिला दिया है। इस जघन्य वारदात के बाद अब आरोपियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून लगाने की मांग जोर पकड़ रही है। 


मंगलवार को युवा फाउंडेशन की अध्यक्ष सीमा चौधरी और नितिन वर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने अपर पुलिस आयुक्त से भेंट कर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि शिक्षा के मंदिर को लहूलुहान करने वाले आरोपी मंजीत चौहान और अनुज सिंह पर NSA के तहत कठोरतम कार्रवाई हो, ताकि भविष्य में कोई भी दरिंदा कॉलेज परिसर की शांति भंग करने की हिम्मत न कर सके।

कब और कैसे हुई वारदात?

20 मार्च 2026 को यूपी कॉलेज के हॉस्टल में रहने वाले गाजीपुर निवासी छात्र सूर्य प्रताप सिंह पुत्र ऋषिदेव सिंह की उसी कॉलेज के छात्र मंजीत चौहान और उसके साथी अनुज सिंह ने गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी थी। शिवपुर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

क्यों जरूरी है NSA?

सीमा चौधरी ने कहा कि सूत्रों से आशंका है कि दोनों आरोपी जेल से छूटते ही फिर किसी बड़ी वारदात को अंजाम दे सकते हैं। इस खौफनाक हत्याकांड से छात्र-छात्राओं और अभिभावकों में दहशत है। आम जनमानस का साफ कहना है कि यदि इन दरिंदों पर NSA नहीं लगा तो सामाजिक समरसता और कानून-व्यवस्था दोनों खतरे में पड़ जाएगी।

क्या है मांग?

युवा फाउंडेशन ने प्रशासन से दो टूक कहा कि मंजीत चौहान और अनुज सिंह पर तत्काल NSA लगाया जाए। यह कदम न सिर्फ एक मां की कोख उजाड़ने वालों को सबक सिखाएगा, बल्कि हजारों छात्रों के मन से खौफ मिटाकर कॉलेज परिसर में फिर से किताबों की खुशबू लौटाएगा।



एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने