बिना अनुमति धरना-प्रदर्शन पर रोक, उल्लंघन किया तो खैर नहीं; PMO ऑफिस से नरिया तक CP का फ्लैग मार्च
विक्की मध्यानी
वाराणसी।
NEET (UG) 2026 पेपर लीक मामले में राजनीतिक दल के बिना अनुमति धरना-प्रदर्शन के ऐलान के बाद शहर का माहौल गर्माने की आशंका के बीच पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल रविवार को खुद एक्शन मोड में दिखे। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ PMO कार्यालय, मालवीय चौराहा से नरिया तक पैदल फ्लैग मार्च कर सुरक्षा-व्यवस्था को परखा और फोर्स को 'जीरो टॉलरेंस' की नीति पर काम करने का सख्त निर्देश दिया।
पुलिस आयुक्त ने मौके पर मौजूद पुलिस बल को ब्रीफ करते हुए कहा कि शहर की शांति भंग करने की किसी भी कोशिश को कुचल दिया जाएगा। बिना अनुमति कोई भी जुलूस, रैली या प्रदर्शन पूरी तरह प्रतिबंधित है। नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी।
CP के 5 बड़े निर्देश:
1. फुल रायट गियर में रहे फोर्स: हर पुलिसकर्मी हेलमेट, डंडा, बॉडी प्रोटेक्टर और असलहे के साथ ड्यूटी पर रहेगा। ढिलाई बर्दाश्त नहीं।
2. ड्रोन-CCTV से चप्पे-चप्पे पर नजर: संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में ड्रोन और CCTV से 24 घंटे लाइव मॉनिटरिंग। संदिग्ध दिखा तो तुरंत एक्शन।
3. बैरिकेडिंग-रस्से मजबूत हों: जरूरत के हिसाब से सभी पॉइंट्स पर बैरिकेडिंग और रस्से की व्यवस्था पुख्ता रखने के आदेश।
4. अराजकतत्व तुरंत दबोचे जाएं: धरना-प्रदर्शन की आड़ में पथराव या हिंसा करने वालों को भीड़ से निकालकर तुरंत गिरफ्तार किया जाए।
5. अफसर रहें फील्ड में:सभी उच्चाधिकारियों को लगातार भ्रमण कर जवानों का मनोबल बढ़ाने और हर पॉइंट पर स्पष्ट गाइडलाइन देने को कहा गया।
पुलिस आयुक्त ने चेताया कि आंदोलन की आड़ में असामाजिक तत्व गड़बड़ी फैला सकते हैं, इसलिए फोर्स पूरी मुस्तैदी से तैनात रहे। उन्होंने दो टूक कहा कि वाराणसी में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों की खैर नहीं।
इस दौरान शहर के सभी संवेदनशील इलाकों में पुलिस का भारी बंदोबस्त रहा। ड्रोन से पूरे रूट की निगरानी की गई।







