राहुल-अजय राय के बयानों पर भाजपा का प्रदर्शन, एडीएम को सौंपा सीएम के नाम ज्ञापन
विक्की मध्यानी
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कांग्रेस नेताओं की अमर्यादित टिप्पणियों से नाराज भाजपा कार्यकर्ताओं का गुस्सा बुधवार को कचहरी स्थित जिला मुख्यालय पर फूट पड़ा। महानगर एवं जिला इकाई ने क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल की अगुवाई में विराट जन आक्रोश सभा कर कांग्रेस नेतृत्व को घेरा।
सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक चले प्रदर्शन में हजारों कार्यकर्ता "प्रधानमंत्री का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान", "भारत माता की जय" और "हर-हर महादेव" के नारों के साथ जुटे। हाथों में "राहुल गांधी मुर्दाबाद", "अजय राय होश में आओ" की तख्तियां लिए कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने कहा कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई अभद्र टिप्पणी असहनीय है। राजनीतिक विरोध में व्यक्तिगत आक्षेप और अमर्यादित भाषा उनकी विकृत मानसिकता को उजागर करती है। आज जिला मुख्यालय पर उमड़ा काशी की जनता का आक्रोश इसी का प्रमाण है।
भाजपा ने मुख्यमंत्री से मांग की कि अजय राय के विरुद्ध दर्ज पुराने मुकदमों की पुनः विवेचना कराई जाए, उनकी संपत्तियों की उच्चस्तरीय जांच हो और दोष सिद्ध होने पर सख्त विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
वक्ताओं ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश नई ऊंचाइयों पर है, जिससे बौखलाया विपक्ष अब मर्यादा लांघकर व्यक्तिगत हमले कर रहा है। काशी की जनता अपने सांसद का अपमान बर्दाश्त नहीं करेगी।
सभा को राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल, दयाशंकर मिश्र 'दयालु', महापौर अशोक तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, अवधेश सिंह, नीलकंठ तिवारी, एमएलसी धर्मेंद्र सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, पूर्व सांसद राजेश मिश्रा, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, जिला अध्यक्ष राम सकल पटेल ने संबोधित किया।
इस मौके पर पूर्व महापौर मृदुला जायसवाल, पूर्व एमएलसी वीणा पाण्डेय, डॉ. अशोक राय, शालिनी यादव, रचना अग्रवाल, जगदीश त्रिपाठी, राहुल सिंह, सत्येंद्र सिंह पिंटू, अमित राय, विनय सदेजा, अंकित गौड़ समेत हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे। संयोजन अशोक जाटव व संचालन जिला उपाध्यक्ष सुरेश सिंह ने किया।
अंत में कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति के खिलाफ जनजागरण का संकल्प लिया। भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एडीएम प्रशासन पंकज कुमार एवं एडीएम नगर राजेश कुमार को सौंपकर निष्पक्ष जांच तथा त्वरित कार्रवाई की मांग की।
