शादी का दबाव... फिर धमकी... और एक हंसती-खेलती जिंदगी का दर्दनाक अंत!

आखिर क्यों एक युवती को चुनना पड़ा मौत का रास्ता? खोजवां चौकी प्रभारी मनोज चौहान

की मुस्तैदी से 24 घंटे के भीतर दबोचा गया मुख्य आरोपी हर्ष तिवारी

वाराणसी, 2 जून। क्या कोई किसी मासूम को शादी के लिए इस कदर मजबूर कर सकता है कि वह अपनी जिंदगी ही खत्म कर ले? भेलूपुर थाना क्षेत्र में एक ऐसा ही दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवती को जबरन शादी करने के लिए प्रताड़ित किया गया और मना करने पर उसे गंभीर धमकियां दी गईं। इस मानसिक तनाव और खौफ से टूटकर पीड़िता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस संवेदनशील मामले में पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए मुख्य आरोपी को नूर नगर कब्रिस्तान के पास से गिरफ्तार कर लिया है।

कब्रिस्तान के पास घेराबंदी कर दबोचा गया आरोपी

घटना के बाद से ही पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। इसी क्रम में भेलूपुर पुलिस टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी। पकड़े गए आरोपी की पहचान अनुकेश तिवारी उर्फ हर्ष तिवारी (उम्र 19 वर्ष), निवासी किरहिया खोजवाँ दाहा चौक, थाना भेलूपुर, वाराणसी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में मामला दर्ज कर उसे जेल भेजने की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

खोजवां चौकी प्रभारी मनोज चौहान की जांबाजी और सटीक रणनीति ने दी कामयाबी 

इस पूरे मामले के खुलासे और आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचाने में खोजवां चौकी प्रभारी मनोज चौहान की भूमिका सबसे अहम और सराहनीय रही। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए उप-निरीक्षक मनोज चौहान ने तुरंत मोर्चा संभाला। उन्होंने अपने मजबूत मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और आरोपी की हर गतिविधि पर नजर रखनी शुरू कर दी।

जैसे ही सूचना मिली कि आरोपी शहर से भागने की फिराक में नूर नगर कब्रिस्तान के पास छुपा है, मनोज चौहान ने बिना वक्त गंवाए अपनी टीम के साथ वहां घेराबंदी कर दी। उनकी त्वरित सूझबूझ और सटीक रणनीति का ही नतीजा था कि आरोपी को संभलने या भागने का मौका ही नहीं मिला और उसे दबोच लिया गया। मनोज चौहान के इस त्वरित एक्शन और कर्तव्यनिष्ठा की पूरे क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है। जनता का कहना है कि ऐसे मुस्तैद अधिकारियों के कारण ही पुलिस पर आमजन का भरोसा और मजबूत होता है।

इस सफल और सराहनीय ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम में भेलूपुर थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गा सिंह के कुशल मार्गदर्शन में खोजवां चौकी प्रभारी मनोज कुमार चौहान, हेड कांस्टेबल करुणानिधान और कांस्टेबल सौरभ कुमार शामिल रहे।


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने