मार्ग सूचक बोर्ड व स्पीड ब्रेकर न होने से ESIC हॉस्पिटल तिराहे पर अक्सर होती हैं दुर्घटनाएं
विक्की मध्यानी
वाराणसी के पांडेपुर-भोजूबीर मार्ग पर स्थित ESCI हॉस्पिटल के पास सोमवार देर रात बरेली नंबर का एक ओवरलोड ट्रक *(यूपी 65 CT 5457)* पलट गया। रात करीब 2 बजे ट्रक का पिछला ढांचा चेसिस से अलग होकर तिराहे पर गिर पड़ा। देर रात होने से जनहानि नहीं हुई, लेकिन यह तिराहा दिन में बेहद खतरनाक साबित हो सकता था।
नामचीन अस्पताल और जांच घरों से रहता है दबाव
पांडेपुर-भोजूबीर मार्ग शहर के प्रमुख चिकित्सा केंद्रों में गिना जाता है। पंडित दीनदयाल अस्पताल व TFC हॉस्पिटल के अलावा इस राह पर कई नामी प्राइवेट अस्पताल, नर्सिंग होम और पैथोलॉजी जांच घर स्थित हैं। इलाज और जांच के लिए मरीज, तीमारदार और एंबुलेंस का दिनभर तांता लगा रहता है। इससे तिराहे पर आवागमन का दबाव कई गुना बढ़ जाता है।
बगल में महावीर मंदिर चौराहा, दर्शनार्थियों की भीड़
घटनास्थल के ठीक बगल में प्रसिद्ध महावीर मंदिर चौराहा है, जहां दर्शन करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। सुबह-शाम और विशेष दिनों में यहां दर्शनार्थियों की भारी भीड़ रहती है। मंदिर जाने वाले राहगीर इसी तिराहे से होकर गुजरते हैं। अस्पताल और मंदिर की वजह से यह अक्सर व्यस्त रहता है।
अपराह्न में होता है हादसों का डर
स्थानीय लोगों के अनुसार ESCI हॉस्पिटल के बाहर बने इस तिराहे पर अपराह्न के समय अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। यह तीन तरफ से खुला तिराहा है जहां आवागमन कहीं से भी हो सकता है। स्कूल वाहन, मरीज लेकर आती-जाती एंबुलेंस और श्रद्धालुओं के वाहनों की वजह से जाम जैसी स्थिति बनती है।
नहीं है मार्ग सूचक बोर्ड, न बना स्पीड ब्रेकर
तिराहे पर सबसे बड़ी कमी मार्ग सूचक बोर्ड का न होना है। बाहर से आने वाले बड़े वाहनों के चालकों को यह अंदाजा ही नहीं लगता कि आगे तिराहा है। साथ ही यहां स्पीड ब्रेकर भी नहीं बना है। अस्पताल और महावीर मंदिर जाने वाले मरीजों व श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिहाज से स्पीड ब्रेकर की सख्त आवश्यकता है। तेज रफ्तार वाहन बिना धीमे हुए तिराहा पार करते हैं।
कैसे हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक *(यूपी 65 CT 5457)* पांडेपुर से भोजूबीर जा रहा था। तिराहे पर सड़क के गड्ढों और तेज रफ्तार के कारण ट्रक अनियंत्रित हुआ। ओवरलोड होने से सारा माल एक तरफ झुका और पूरा पिछला ढांचा चेसिस से अलग होकर गिर गया। ढांचे के पिछले हिस्से से दिख रही सामग्री से पता चला कि इसमें बिजली संबंधित सामान लदा है।
स्थानीय लोगों की मांग
लोगों का कहना है कि अगर यही हादसा दिन में होता, खासकर OPD या मंदिर में भीड़ के समय, तो बड़ी अनहोनी तय थी। व्यापारियों और स्थानीय निवासियों ने नगर निगम और यातायात विभाग से मांग की है:
1. _तत्काल मार्ग सूचक बोर्ड और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं_
2. _तिराहे के तीनों तरफ व अस्पताल-महावीर मंदिर मार्ग पर स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं_
3. _सड़कों की मरम्मत कर रात में चलने वाले ओवरलोड वाहनों पर सख्ती हो_




