एसीपी भेलूपुर ने किया चोरी की घटना का खुलासा, लंका पुलिस ने दो शातिर चोरों को दबोचा, दो लाख रुपये व आभूषण बरामद
✍️सुकन्या सिंह
वाराणसी, 28 जून 2026।
थाना लंका क्षेत्र के शिवशक्ति नगर कॉलोनी, नारायनपुर डाफी में हुई चोरी की घटना का लंका पुलिस ने मात्र दो दिन के भीतर सफल अनावरण करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के कब्जे से चोरी के आभूषणों सहित कुल दो लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
एसीपी भेलूपुर ने लंका थाने में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। 26 जून 2026 को शिवशक्ति नगर कॉलोनी निवासी संतोष कुमार साह द्वारा घर का ताला तोड़कर नकदी एवं आभूषण चोरी किए जाने की सूचना थाना लंका पर दी गई थी। शिकायत के आधार पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर प्रभारी निरीक्षक लंका के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
उन्होंने बताया कि जांच, सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर रविवार 28 जून 2026 को दोपहर लगभग 12:30 बजे बजबजा प्लांट के पास खाली जमीन से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान राजन यादव (20 वर्ष), निवासी मुडादेव, थाना रोहनिया तथा राजकुमार भारती (24 वर्ष), निवासी मुडादेव, थाना रोहनिया के रूप में हुई।
पूछताछ के दौरान दोनों अभियुक्तों ने चोरी की घटना स्वीकार करते हुए बताया कि वे चोरी किए गए कुछ सामान को बेच चुके थे तथा प्राप्त धनराशि का आपस में बंटवारा कर शहर छोड़ने की तैयारी में थे। इसी दौरान पुलिस टीम ने उन्हें धर दबोचा।
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से दो लाख रुपये नकद, एक सफेद धातु की लड़ीदार पायल, एक बिछिया तथा सोने के आभूषणों में अंगूठी, झुमका, लौंग, नाक की रिंग एवं कुंडल (बाली) बरामद किए हैं। बरामद सामान चोरी गए माल का हिस्सा है।
एसीपी भेलूपुर ने बताया कि इस संबंध में थाना लंका पर पंजीकृत मुकदमा संख्या 305/2026 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है। दोनों अभियुक्तों को न्यायालय में प्रस्तुत कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस सफल अनावरण में प्रभारी निरीक्षक राजकुमार, उपनिरीक्षक राहुल, उपनिरीक्षक शिवाकांत शर्मा, हेड कांस्टेबल ओमप्रकाश सिंह, कांस्टेबल अमित शुक्ला, पवन कुमार, कृष्णकांत पाण्डेय, सूरज कुमार एवं शशिकांत सहित थाना लंका पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
