योग शिविर में अधिकारियों और जवानों ने किया सामूहिक योग
स्वस्थ जीवन का दिया संदेश
राजीव सेठ
वाराणसी। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 95वीं बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) द्वारा भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन 95वीं बटालियन के कमांडेंट राजेश्वर बालापुरकर के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसमें अधिकारियों और जवानों ने पूरे उत्साह एवं ऊर्जा के साथ सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान योगाचार्य प्रकाश नाथ योगी (काल भैरव परिवार) के सानिध्य में जवानों को योग, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया। योगाचार्य ने दैनिक जीवन में योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने का प्रभावी माध्यम है।
योग शिविर में कमांडेंट राजेश्वर बालापुरकर, द्वितीय कमान अधिकारी राजेश कुमार सिंह, एसएमओ आलोक कुमार, रवि प्रकाश, सहायक कमांडेंट ज्ञानेश प्रकाश सिंह, प्रवीण सिंह तथा प्रिंस सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कार्मिक एवं जवान उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ भारत का संदेश दिया।
इस अवसर पर कमांडेंट राजेश्वर बालापुरकर ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को एक सूत्र में जोड़ने वाला विज्ञान है। देश की सेवा में तैनात जवानों के मानसिक एवं शारीरिक संतुलन के लिए योग अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी अधिकारियों एवं जवानों ने योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। अंत में द्वितीय कमान अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने सभी अतिथियों, योगाचार्यों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

