केंद्रीय कारागार वाराणसी में मनाया गया 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

स्वस्थ विश्व के लिए योग’ थीम पर आयोजित कार्यक्रम में लगभग 400 बंदियों और कर्मचारियों ने किया योगाभ्यास

वाराणसी। केंद्रीय कारागार वाराणसी में शनिवार को 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। वर्ष 2026 के योग दिवस की आधिकारिक थीम ‘स्वस्थ विश्व के लिए योग’ के अंतर्गत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, वाराणसी के अध्यक्ष एवं जनपद न्यायाधीश संजीव शुक्ल तथा सचिव राजीव मुकुल पाण्डेय के मार्गदर्शन में धन्वन्तरि कर्मयोग ट्रस्ट, वाराणसी के सहयोग से भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया।



कार्यक्रम में कारागार के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा बंदियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। अनुभवी योगाचार्य बुद्धिराम यादव ने केंद्रीय कारागार में निरुद्ध लगभग 400 बंदियों सहित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को योगाभ्यास कराया।


प्रातः 7 बजे से 8:15 बजे तक चले कार्यक्रम में प्रतिभागियों को प्राणायाम, अनुलोम-विलोम, कपालभाति, भ्रामरी, नाड़ी शोधन, ताड़ासन, भुजंगासन और मर्कटासन सहित विभिन्न योगासनों का विधिवत अभ्यास कराया गया। योग प्रशिक्षकों ने प्रत्येक योगासन के लाभों की भी विस्तार से जानकारी दी।


कार्यक्रम के समापन पर वरिष्ठ जेल अधीक्षक राघाकृष्ण मिश्र ने कहा कि योग का मानव जीवन में अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है। वर्तमान भाग-दौड़ भरी जीवनशैली में प्रत्येक व्यक्ति को प्रतिदिन कम से कम एक घंटा योग अवश्य करना चाहिए, जिससे शरीर स्वस्थ और मन तनावमुक्त रह सके।

वरिष्ठ जेल अधीक्षक ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए धन्वन्तरि कर्मयोग ट्रस्ट के मुख्य ट्रस्टी जितेन्द्र नाथ सिंह तथा योग प्रशिक्षकों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर वरिष्ठ जेल अधीक्षक राघाकृष्ण मिश्र, कारापाल अखिलेश कुमार, उपकारापाल अमित कुमार वर्मा, अशोक कुमार राय, किशन सिंह वल्दिया, अयोध्या प्रसाद सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने