जमानत मंजूर होने के बावजूद जमानतदार के अभाव में निरुद्ध बंदियों के मामलों की हुई समीक्षा
वाराणसी। केंद्रीय कारागार वाराणसी में सोमवार को जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजीव शुक्ला, एडीएम सिटी राजेश कुमार, एडीसीपी हेड क्वार्टर जेबी यादव, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव मनीष कुमार तथा राजीव मुकुल पाण्डेय द्वारा संयुक्त त्रैमासिक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कारागार की सभी सर्किलों का भ्रमण किया तथा बंदियों की परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान बंदियों की समस्याएं सुनकर उनके निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। विशेष रूप से उन बंदियों के मामलों की समीक्षा की गई, जिनकी जमानत मंजूर हो चुकी है, लेकिन जमानतदार के अभाव में वह अभी भी कारागार में निरुद्ध हैं। ऐसे मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
निरीक्षण टीम ने कारागार की सुरक्षा व्यवस्था, प्रशासनिक प्रबंधन, अस्पताल की साफ-सफाई तथा पाकशाला की स्वच्छता का भी जायजा लिया। निरीक्षणकर्ताओं ने व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए कारागार प्रशासन द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
इस अवसर पर वरिष्ठ अधीक्षक राधाकृष्ण मिश्र, वरिष्ठ चिकित्सीय परामर्शदाता लक्ष्मीकांत त्रिपाठी, जेलर अखिलेश कुमार, डिप्टी जेलर अमित कुमार वर्मा, अशोक कुमार राय, किशन सिंह , फार्मासिस्ट अयोध्या प्रसाद, संदीप खरे सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


