फैंटम दस्ते को हूटर बजाकर गश्त के निर्देश, महिला हेल्प डेस्क पर त्वरित कार्रवाई पर जोर
विक्की मध्यानी
वाराणसी। पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन चंद्रकांत मीना ने सोमवार देर रात लालपुर पाण्डेयपुर और सारनाथ थाने का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था परखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने फैंटम दस्ते के कर्मचारियों को रात में हूटर बजाते हुए लगातार गश्त करने, संदिग्ध लोगों की सघन चेकिंग करने और पूरे क्षेत्र में पैनी नजर रखने के कड़े निर्देश दिए।
डीसीपी ने महिला हेल्प डेस्क पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि महिलाओं से जुड़ी शिकायतों का समयबद्ध और त्वरित निस्तारण हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। किसी भी पीड़िता को न्याय के लिए भटकना न पड़े।
थाने के अभिलेखीय कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि विभिन्न माध्यमों से मिलने वाले प्रार्थना पत्रों का निपटारा सिटिजन चार्टर के अनुसार तय समय सीमा में हो। साथ ही न्यायालय से जारी सम्मन, नोटिस, गैर जमानती वारंट आदि का शत-प्रतिशत तामीला सुनिश्चित किया जाए।
डीसीपी ने थाने पर लंबित विवेचनाओं को जल्द और गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन को त्वरित न्याय दिलाने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
