वाराणसी। पूर्वांचल एडवरटाइजर्स संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल से मुलाकात कर विज्ञापन
व्यवसाय से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और चुनौतियों को उनके समक्ष रखा। संगठन ने विशेष रूप से नए टेंडर की प्रक्रिया तथा शहर में नई जगहों पर कथित रूप से मनमाने ढंग से लगाए जा रहे यूनिपोल (विज्ञापन होर्डिंग) के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया।
संगठन के पदाधिकारियों ने नगर आयुक्त को अवगत कराया कि नए टेंडर से जुड़े कुछ बिंदुओं और यूनिपोल स्थापना की प्रक्रिया को लेकर विज्ञापन कारोबारियों में असंतोष और भ्रम की स्थिति है। उन्होंने मांग की कि सभी कार्य निर्धारित नियमों, पारदर्शिता और निष्पक्षता के आधार पर किए जाएं, ताकि किसी भी व्यापारी के हितों का नुकसान न हो और स्वस्थ व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा बनी रहे।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल जी से संगठन की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि विज्ञापन व्यवसायियों के हित में जो भी उचित एवं नियमसम्मत कदम होगा, उसे प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम सभी मामलों की समीक्षा कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।
बैठक के दौरान संगठन ने उम्मीद जताई कि नए टेंडर और यूनिपोल स्थापना से जुड़े मामलों में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी तथा विज्ञापन उद्योग से जुड़े व्यापारियों की समस्याओं का जल्द समाधान निकाला जाएगा। नगर आयुक्त के सकारात्मक आश्वासन के बाद संगठन के पदाधिकारियों ने संतोष व्यक्त किया और प्रशासन से सहयोग की अपेक्षा जताई।
इस अवसर पर पूर्वांचल एडवरटाइजर्स संगठन के अध्यक्ष राकेश सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने अपनी समस्याओं और सुझावों को नगर आयुक्त के समक्ष रखा। प्रतिनिधिमंडल में डब्लू राय, जितेंद्र, राबेंद्र मिश्रा, विशाल मौर्य वकील यादव वीरेंद्र अंशु कुमार सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

