वाराणसी में विजिलेंस का बड़ा धमाका: ५,००० रुपये रिश्वत लेते जिला उद्योग केंद्र का सहायक प्रबंधक रंगे हाथों गिरफ्तार

 वाराणसी | १९ जून २०२६ अचूक रणनीति 



उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद से भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की खबर सामने आई है। यहाँ सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) वाराणसी की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र (डी०आई०ओ०सी०), लहरतारा के सहायक प्रबन्धक श्रीपाल को ५,००० रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

प्राप्त आधिकारिक विवरण के अनुसार, आरोपी सहायक प्रबंधक श्रीपाल (पुत्र स्व० कल्लू), जो वर्तमान में सरस्वती नगर कालोनी भिटारी, थाना लोहता, जनपद वाराणसी का निवासी है, को सिल्क प्रोडक्ट के व्यापार हेतु सरकारी योजना के तहत मिलने वाली सब्सिडी की एनओसी (NOC) जारी करने के एवज में रिश्वत की मांग करने का दोषी पाया गया है।

 लोन की सब्सिडी के बदले मांगी थी घूस

शिकायतकर्ता अमितेश चौरसिया (पुत्र सतीश चन्द्र चौरसिया), निवासी कुन्दन नगर कादीपुर, थाना शिवपुर, वाराणसी ने सिल्क प्रोडक्ट के व्यवसाय के लिए उ०प्र० ग्रामीण बैंक महावीर मन्दिर वाराणसी से ११ लाख रुपये का ऋण लिया था। इस ऋण पर मिलने वाली सरकारी सब्सिडी के लिए उन्हें लहरतारा स्थित उपायुक्त उद्योग कार्यालय से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) की आवश्यकता थी, जो काफी समय से लंबित था।

आरोप है कि इस एनओसी को क्लियर करने के बदले सहायक प्रबंधक श्रीपाल द्वारा लगातार ५,००० रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही थी। परेशान होकर शिकायतकर्ता ने इसकी पूरी जानकारी सतर्कता अधिष्ठान वाराणसी को दी। शिकायत की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान वाराणसी सेक्टर द्वारा बेहद गोपनीय तरीके से मामले की जांच कराई गई।

गोपनीय जांच में मामला पूरी तरह सही पाए जाने पर, सतर्कता अधिष्ठान की ट्रैप टीम ने आज दिनांक १९.०६.२०२६ को जाल बिछाया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी सहायक प्रबंधक को घूस की रकम सौंपी, टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को केमिकल युक्त नोटों के साथ रंगे हाथों दबोच लिया। आरोपी के खिलाफ थाना उ०प्र० सतर्कता अधिष्ठान वाराणसी सेक्टर में सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्कता अधिष्ठान की अपील

यदि कोई भी लोक सेवक (राजपत्रित/अराजपत्रित/अन्य) सरकारी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो डरे नहीं। इसकी शिकायत तत्काल रिश्वत विरोधी हेल्पलाइन नंबरों 9454401866 अथवा 9454401222 पर दर्ज कराएं। आपकी पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने