कुत्ते की गंदगी पर बिगड़ी बात, महिला से मारपीट और जानलेवा हमले का आरोप; पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

 कुत्ते की गंदगी पर बिगड़ी बात, महिला से मारपीट और जानलेवा हमले का आरोप; पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

विक्की मध्यानी

वाराणसी। मंडुवाडीह थाना क्षेत्र में मामूली विवाद ने हिंसा का रूप ले लिया। पालतू कुत्ते द्वारा गंदगी करने को लेकर हुए झगड़े में पीड़िता और उनके परिजनों के साथ मारपीट, अभद्रता और जान से मारने की धमकी का आरोप लगा है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।  

मंडुवाडीह थाना में 16 मई 2026 को दी गई शिकायत के अनुसार, वाराणसी इनक्लेव, मंडुवाडीह लेन नंबर-1 निवासी आस्था सेहता मंगलवार रात अपनी कॉलोनी में टहलने निकली थीं। इसी दौरान उनके पालतू कुत्ते ने पड़ोसी बलवन्त सोनकर के घर के पास गंदगी कर दी। आस्था और उनकी मां ने तत्काल माफी मांगकर मामले को सुलझाने की कोशिश की।  

आरोप है कि माफी के बावजूद उसी रात अज्ञात नंबर से फोन कर गाली-गलौज की गई और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।तत्पश्चात शनिवार की रात जब आस्था अपनी मां के साथ फिर टहलने निकलीं तो आरोपी पक्ष की महिला ने उन्हें धक्का देकर मारपीट शुरू कर दी।  

शिकायत में कहा गया है कि इसके बाद महिला का बेटा और अन्य पुरुष परिजन भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने अभद्र व्यवहार करते हुए आस्था के साथ बदसलूकी की, सीने पर हाथ डालकर घूसे मारे और उन्हें जमीन पर गिरा दिया। बीच-बचाव करने आए पिता को भी आरोपियों ने बेरहमी से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने उन्हें जमीन पर पटककर लात-घूसों से मारते हुए जान लेने की कोशिश की।  

घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने